चिड़ियाँ

Abdul Bismillahअब्दुल बिस्मिल्लाह

2 min read · 12.6K reads

पहले एक चिड़ियाँ आई

फिर दूसरी

फिर तीसरी

चावल की खुली पतीली पर

सब बैठीं

और निरापद भाव से

सबों ने चावल चुगे

मेरे भीतर के

घरेलू दिमाग़ ने

फ़ौरन मुझे चावल की अहमियत बताई

और मैंने उन्हें उड़ाने की कोशिश की

लेकिन चिड़िया बैठी रही

चावल चुगती रही

मुझे बुरा लगा

परिंदे

और आदमी से डरे नहीं

यह कैसा तंत्र है

मेरे पास तंमचा नहीं

तो इसका मतलब यह तो नहीं

कि परिंदे मुझे कुछ न समझें

मैं उठा

और पतीली मैंने ढँक दी

मैंने इत्मीनान की साँस ली

और आरामकुर्सी पर पसर गया

लेकिन चिड़ियाँ फिर आईं

पहले एक

फिर दूसरी

फिर तीसरी

मुझे हँसी आ गई

अरे चिड़ियो!

आदमी चिड़ियों से ज़्यादा अक़्लमंद होता है

चिड़ियाँ लौट गईं

और लगा

कि मैं किसी बहुत बड़े युद्ध में

बिना हथियार के जीत गया हूँ

लेकिन चिड़ियाँ फिर आईं

पहले एक

फिर दूसरी

फिर तीसरी

फिर चौथी

फिर असंख्य

चिड़ियाँ ही चिड़ियाँ

पतीली के ढक्कन पर सब फुदकने लगीं

और ढक्कन लुढ़क कर झनझनाने लगा फ़र्श पर

चिड़िया चुनने लगी चावल

बेहद इत्मीनान के साथ

और मेरा उठा हुआ हाथ

निर्जीव हो गया।

Abdul Bismillah
About the poet

Abdul Bismillah अब्दुल बिस्मिल्लाह

Abdul Bismillah (born July 5, 1949) is an Indian novelist writing in Hindi, known for his short stories of life in Muslim rural communities. He is currently a professor in the Department of Hindi, Jamia Millia University. His collection of stories Rough Rough…

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like