स्वप्न में स्त्रियाँ

आग्नेयआग्नेय24 Jan 1935 – 26 Aug 2023

1 min read · 12.4K reads

असंख्य स्त्रियाँ चीत्कार और विलाप करती हैं

क्या मैं बधिर हो गया हूँ

सुन नहीं पा रहा हूँ ये कौन-सी स्त्रियाँ हैं

जो इस तरह स्वप्न में दिख रही हैं

उनके चेहरे धुँध में डूबे हैं

और उनकी देहें एक इस्पाती पारदर्शी दीवार के पीछे

पंक्तिबद्ध खड़ी हैं

वे कभी चीख़ते-चीख़ते रोने लगती हैं

मैं अपनी अधीरता से आक्रांत

उनके चेहरे को देखता हूँ

धीरे-धीरे सारे चेहरे पहचाने हैं

यह सारी स्त्रियाँ वे ही हैं

जिनको प्रेम और अत्याचार दोनों सहने पड़े

उनमें से कुछ को दुराचार भी सहना पड़ा

यह कोई स्वप्न नहीं है

यह पुरुष जीवन का यथार्थ है

जिसे वह अपनी अधीरता में

और अपने चातुर्य से स्वप्न की तरह देखता है।

आग्नेय
About the poet

आग्नेय

हिंदी के समादृत कवि-लेखक। बतौर अनुवादक भी चर्चित। ‘सदानीरा’ पत्रिका के संस्थापक-संपादक। मूल नाम : आग्नेय जन्म : 24/01/1935 | सागर, मध्य प्रदेश निधन : 26/08/2023 | गुरुग्राम, हरियाणा

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like