एक अभिनेता की थकान

आग्नेयआग्नेय24 Jan 1935 – 26 Aug 2023

1 min read · 12.4K reads

वह रंगमंच पर जा चुका है

वह अपनी भूमिका पूरी कर चुका है

उतार दी है पोशाक

उस चरित्र की जिसका अभिनय किया उसने

वह नहीं जानता

जब वह रंगमंच पर था

करतल-ध्वनियाँ हुईं या नहीं

अथवा सन्नाटा पसरा रहा

दर्शकों के बीच रंगशाला में

प्रत्येक वर्ष यह भूमिका करते

वह थक चुका है

कहाँ जाए रंगमंच छोड़कर

हो चुका है वह जो कुछ अभिनय करते

उसको छोड़कर जाना

क्या उस पर निर्भर करता है

आग्नेय
About the poet

आग्नेय

हिंदी के समादृत कवि-लेखक। बतौर अनुवादक भी चर्चित। ‘सदानीरा’ पत्रिका के संस्थापक-संपादक। मूल नाम : आग्नेय जन्म : 24/01/1935 | सागर, मध्य प्रदेश निधन : 26/08/2023 | गुरुग्राम, हरियाणा

View profile & all 23 Poems / Stories