आखेट

आग्नेयआग्नेय24 Jan 1935 – 26 Aug 2023

1 min read · 12.4K reads

तुम

उस परिंदे की तरह

कब तक डैने फड़फड़ाओगे

जिसकी गर्दन पर रखा हुआ है

चाहत का चाक़ू

उड़ान भरने के पहले ही

तुमने खो दिए हैं अपने पंख

प्यास बुझाने के पहले ही

विष पी लिया

अमृत पाने के लिए

तुम्हारे जैसा कौन मरता है

लालसाओं के जलसाघरों में

तिल-तिल घुट-घुट कर

न तुम्हें प्रेम करना आया

बहती रही वह

तुम्हारी धमनियों में

रक्त की वर्णमाला की तरह

अलिखित अपरिभाषित

और न तुम्हें घृणा करना आया

जिसे तुम नकटी जादूगरनी कहते ही

उदास होकर रो देते हो

सारे जीवन उसके मायाजाल में

जकड़े रहे

कि अंत में स्पाइडर की तरह

अपनी ही वासना की चरम परिणति में

आखेट कर लिए गए

आग्नेय
About the poet

आग्नेय

हिंदी के समादृत कवि-लेखक। बतौर अनुवादक भी चर्चित। ‘सदानीरा’ पत्रिका के संस्थापक-संपादक। मूल नाम : आग्नेय जन्म : 24/01/1935 | सागर, मध्य प्रदेश निधन : 26/08/2023 | गुरुग्राम, हरियाणा

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like