स्त्रियाँ थक गई हैं
अग्नि-परीक्षाएँ देते हुए
पुरुष प्रेम करते हैं स्त्रियों से
और उनका पीछा करते रहते हैं
चौदह वर्ष का वनवास झेल लेते हैं
जब कभी किसी दिन
कोई पराजित स्त्री
उनसे कहती है
कि तुम तैयार हो
अपने प्रेम की पवित्रता सिद्ध करने के लिए
अग्नि-परीक्षा देने के लिए
भाग जाने के अतिरिक्त
कोई विकल्प नहीं बचता उनके लिए
अग्नि-परीक्षा देना
उनकी प्रेम की पाठशाला में
कोई नहीं सिखा सका
उनको अब तक








