रह ए वफ़ा में ज़रर सूदमन्द है यारो - ज़िया फ़तेहाबादी

ज़िया फतेहाबादीज़िया फतेहाबादी9 Sept 1913 – 19 Sept 1986

4 min read · 12.4K reads

रह ए वफ़ा में ज़रर सूदमन्द है यारो |
है दर्द अपनी दवा ज़हर क़न्द है यारो |

घटा बढ़ा के भी देखा मगर न बात बनी
ग़ज़ल का रूप रिवायत पसन्द है यारो |

खुला जिसे ग़लती से मैं छोड़ आया था
मेरे लिए वही दरवाज़ा बन्द है यारो |
 
ग़ज़लसराई थी जिसके लिए बगैर उसके
गुलों का ख़न्दा ए लब ज़हर ख़न्द है यारो |

मुझे ख़बर है कि अपनी ख़बर नहीं मुझ को
मेरे सिवा भी कोई होशमन्द है यारो |

मिले जो दस्त ए तमन्ना से क्यूँ न पी जाऊं
वो ज़हर भी तो मेरे हक़ में क़न्द है यारो |
 
न जाने तोड़ के उड़ जाएगी कहाँ इक दिन
हिसार ए जिस्म में जो रूह बन्द है यारो |

ज़मीं पे रहता है उड़ता है आसमानों पर
ज़िया कि पस्ती भी कितनी बुलन्द है यारो |
ज़िया फतेहाबादी
About the poet

ज़िया फतेहाबादी

View profile & all 80 Poems / Stories