बातें - ज़िया फतेहाबादी

ज़िया फतेहाबादीज़िया फतेहाबादी9 Sept 1913 – 19 Sept 1986

6 min read · 12.4K reads

छोड़ो ये दुनिया की बातें
आओ प्यार की बातें कर लें
ख़ाली है मुद्दत से झोली
उस को आस उम्मीद से भर लें
आस उम्मीद न हो तो इन्साँ
जीते जी ही मर जाता है
टक्कर क्या तूफ़ान से लेगा
जो इक मौज से डर जाता है

डर कर जीना मौत से बदतर
चलती फिरती ज़िंदा लाशें
सोई हुई जज़्बात की हलचल
कुचले हुए ज़हनों के सुकूँ में
ज़हन अगर बेदार न होंगे
खौफ़ दिलों पर तारी होगा
आग़ाज़ ओ अंजाम-ए हस्ती
मजबूरी , लाचारी होगा
इन मजबूर फ़िज़ाओं में हम
प्रीत और प्यार का रंग मिला दें
सहराओं और वीरानों को
सेराबी का भेद बता दें
चेहरों से हो दूर उदासी
रग रग दौड़े खून ए हस्ती
आज़ादी , आज़ाद रवी है
उनवान ए मज़मून ए हस्ती
राहें नई खुल जाएँ सब पर
कुल दुनिया का नक्शा बदले
होश ओ ख़िरद के दीवाने भी
क़ायल हों दिल की अज़मत के
मुफ़लिस की नादारी में भी
अंदाज़-ए शाही पैदा हो
इश्क में लोच इतना आ जाए
हुस्न की महबूबी पैदा हो
माह ए मुहब्बत की किरणों से
रोशन अपनी रातें कर लें
छोडो ये दुनिया की बातें
आओ प्यार की बातें कर लें
ज़िया फतेहाबादी
About the poet

ज़िया फतेहाबादी

View profile & all 80 Poems / Stories