गूँगा

Vishnu KhareVishnu Khare9 Feb 1940 – 19 Sept 2018

3 min read · 12.8K reads


वह एक छोटा कौआ है जो अभी उड़ना सीख नहीं पाया है
घिरा हुआ और घबराया हुआ
उसके काले पंख कुछ कम काले हैं मटमैला शरीर कुछ ज़्यादा उजला
वह लँगड़ाता हुआ फुदक रहा है
और चीखने के लिए जब चोंच खोलता है तो वह लाल है अन्दर से

लड़कों ने उस पर पत्थर फेंके हैं
और वह फड़फड़ा कर यहाँ वहाँ असफलता से घुसा है
ऊपर मण्डराते हुए कौओं का और नीचे पिछवाड़े बँधे हुए कुत्तों का
शोर इतना तेज़ है
कि घबराई हुई माएँ निकल आती हैं घरों के पीछे
और डरी हुई रोकती हैं लड़कों को उसे मारने से

गूँगे की माँ नहीं है अभी कि उसे रोके
वह लपक कर छोटे कौए को हाथों में पकड़ लेता है
और आतंकित और उत्तेजित लड़कों और औरतों के बीच से
भाग जाता है लोहे के अपने दरवाज़े की तरफ़
लड़कों का झुण्ड उसके पीछे है
और कौए शोर करते हुए उसके साथ उड़ते हैं

गूँगे के हाथ की पकड़ भरपूर है
छोटे कौए ने पहले उसे आश्रय समझा होगा
किन्तु अब असहायता और आतंक की अन्तिम दशा में है
पाँच उँगलियों में कसा हुआ चुपचाप

गूँगे की आँखें देखती हैं कौए की आँख में
कौए का गरम जिस्म और घबराया हुआ दिल
धड़कता है उसकी गिरफ़्त में और जब भी
वह हिलता है तो गूँगा उसे मारता है सिर पर
झटके और वार के कारण कौए की चोंच खुलती है
जिसका अन्दरूनी रंग गूँगे के मसूढ़ों की तरह लाल है

नीचे मण्डराते हुए कौओं से बच कर
गूँगा छिपा हुआ है सूनी कोठी के गैराज में
छोटे कौए को हाथ में लिए हुए
उसे कुछ देर तक देख-देख कर मारता हुआ
या अपने तईं पुचकारता हुआ

और कौआ अब बहुत चुप है
यदि उसे दिमाग मिला होता
जो गूँगे से भी छीन लिया गया था दस बरस पहले
तो इस क्षण वह शायद सोचता
कि यह किसके किए की सज़ा कौन उसे दे रहा है

लड़के इकट्ठा हैं लोहे के दरवाज़े के पास
उड़ते हुए कौओं के मण्डराने और शोर में कुछ परेशानी है
गूँगे के हाथ में छोटे कौए ने
अब गर्दन डाल दी है
और वह उसकी आँख खोलने के लिए उसे हिलाता है

दौड़ कर दरवाज़े के पास चुप खड़े लड़कों के पास जाता है
जो अब उसके हाथ में बेहरकत पड़े हुए कौए को
लेना नहीं चाहते
और उसकी पीठ पर मार कर
दूर नाली में फेंक आने को कहते हैं

गूँगा जाता है अपनी मुट्ठी में सोए हुए-से
छोटे कौए पर सर झुकाए हुए
शोर करते हुए कौए उसकी परछाईं पर उड़ रहे हैं
लेकिन अब वह डर के परे हैं
नाली के पास पहुँच कर उसे फेंक देता है
घास उगे पानी में एक हलकी छप की आवाज़ होती है

गूँगा खड़ा देखता है
मुन्दी आँख बन्द चोंच और गीले होते हुए डैनों को

पार्क की ज़मीन पर कुछ दूर कौए बैठ गए हैं

उसके लौटने के इन्तज़ार में जब लड़के परेशान हो जाते हैं
तो क्या कर रहा है यह देखने पार्क में आते हैं

उसे नाली के पास वाली टूटी पुलिया पर
छोटा कौआ हाथ में लिए रोता हुआ पाते हैं ।

Vishnu Khare
About the poet

Vishnu Khare

Vishnu Khare (9 February 1940 – 19 September 2018) was an Indian Hindi poet, translator, literary and film critic, journalist and scriptwriter. He wrote both in Hindi and English. He taught English literature at university level, served as the Programme Secre…

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like