Vijaydan Detha, poet
Sootradhar · Author

Vijaydan Detha

1 September 1926 – 10 November 2013Jodhpur, Rajasthan, India

  • 1 Poems & Stories
  • 13.7K Reads

About Vijaydan Detha

Vijaydan Detha (1 September 1926 – 10 November 2013), also known as Bijji, was a noted Indian writer of Rajasthani literature. He was a recipient of several awards including the Padma Shri and the Sahitya Akademi Award. Detha has more than 800 short stories to his credit, which have been translated into English and ot…

Selected Quotes

इस रूप को दुःख देने की बजाय तो खुद दुःख उठाना कहीं अच्छा है.
— Vijaydan Detha
Read full

Poetry & Stories

  1. दुविधा

    एक धनी सेठ था. उसके इकलौते बेटे की बरात धूमधाम से शादी सम्पंन कर वापस लौटते हुए जंगल में विश्राम करने के लिए रुकी. घनी खेजड़ी की ठण्डी छाया. सामने हिलोरें भरता तालाब. कमल के फूलों से आच्छादित निर्मल पानी. सूरज सर पर चढ़ने लगा था. जेठ की तेज चलती गर्म लू से जंगल चीत्कार कर रहा था. खाना-वाना खाकर चलें तो बेहतर. दूल्हे के पिता ने अधिक मनुहार की तो सभी बराती खुशी-खुशी वहां ठहर गये. दुल्हन के साथ पांच दासियां थीं. वे सभी उस खेजड़ी की छाया में दरी बिछाकर बैठ गयीं. पास ही एक विशाल बबूल थापीले फूलों से अटा हुआ. चांदी के समान सफेद हिलारियां. शेष बराती उसकी छाया में बैठ गये. कुछ देर विश्राम करने के बाद खाने का इंतजाम होने लगा.दुल्हन मुंह फिराये, घूंघट हटाकर बैठ गयी. ऊपर देखा पतली-पतली अनगिनत हरी सांगरियां-ही-सांगरियां. देखते ही आंखों में शीतलता दौड़ गयी. संयोग की बात कि उस खेजड़ी में एक भूत का निवास था. इत्र-फुलेल की खुशबू से महकते दुल्हन के उघड़े चेहरे की ओर देखा तो उसकी आंखें चौंधिया गयीं. क्या औरत का ऐसा रूप और यौवन भी हो सकता है? गुलाब के फूलों की कोमलता, खुशबू और उनका रस मानो सांचें में ढला हो. देखकर भी ऐसे रूप पर विश्वास नहीं होता. बादलों का ठिकाना छोड़कर कहीं बिजली तो नहीं उतर आयी! इन मदभरी आंखों की तो कोई उपमा ही नहीं. मानो तमाम कुदरत का रूप इस चेहरे में समा गया हो. हजारों औरतों का रूप देखा, पर इस चेहरे की तो रंगत ही निराली! खेजड़ी की छाया तक चमकने लगी. भूत की योनि सार्थक हुई. दुल्हन की देह में प्रवेश करने का विचार आने पर उसे वापस होश आया. इससे तो यह तकलीफ पायेगी! ऐसे रूप को तकलीफ कैसे दी जा सकती है! वो असमंजस में पड़ गया. यह तो अभी देखते-देखते चली जायेगी. फिर? न उसमें प्रवेश कर सताने को मन करता है और न छोड़े ही बनता है. ऐसा तो कभी नहीं हुआ. तो क्या दूल्हे को लग जाऊं? पर दूल्हे को लगने पर भी दुल्हन का मन तो तड़पेगा ही! इस रूप के तड़पने पर न बादल बरसेंगे, न बिजलियां चमकेंगी. न सूरज उगेगा, न चांद. कुदरत का सारा नजारा ही बिगड़ जायेगा. उसके मन में इस तरह की दया पहले तो कभी नहीं आयी. इस रूप को दुःख देने की बजाय तो खुद दुःख उठाना कहीं अच्छा है. ऐसा दुःख भी कहां नसीब होता है! इस दुःख के परस से तो भूत का जीवन सफल हो जायेगा.

    58 min read · 13.7K reads

More Poetry & Stories You May Like