वह आ रही है

उत्पल बैनर्जीउत्पल बैनर्जी25 Sept 1967

1 min read · 12.4K reads

वह आ रही है—

स्मृति में बज उठा है देह का वसंत

हवा में काँप रहा है तिलककामोद

बाँसवन के पीछे खिला है

फ़ॉस्फ़ोरस लिपटा चाँद

वह आ रही है।

आँगन में फैली है वनतुलसी की गंध

जल में डूबी वनस्पति सुगबुगा रही है

उसकी देह की कोजागरी में

सुंदर हो उठी है पृथ्वी

गाल पर ठहरा आँसू सूखने लगा है

अंधकार को चीरकर

जा रही हैं प्रार्थनाएँ ऊर्ध्व की ओर

वह आ रही है....

उत्पल बैनर्जी
About the poet

उत्पल बैनर्जी

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like