कविता से बाहर

उत्पल बैनर्जीउत्पल बैनर्जी25 Sept 1967

1 min read · 12.4K reads

एक दिन अचानक हम चले जाएँगे

तुम्हारी इच्छा और घृणा से भी दूर

किसी अनजाने देश में

और शायद तुम जानना भी न चाहो

हमारी विकलता और अनुपस्थिति के बारे में!

हो सकता है इस सुंदर पृथ्वी को छोड़कर

हम चले जाएँ दूर... नक्षत्रों के देश में

फिर किसी शाम जब आँख उठाकर देखो

चमकते नक्षत्रों के बीच

तुम शायद पहचान भी न पाओ

कि तुम्हारी खिड़की के ठीक सामने हम ही हैं

अपने वरदानों और अभिशापों में बँधे...

हम वहीं दूर से तुम्हें देखते रहेंगे

अपना वर्तमान और अतीत लेकर

अपने उदास अकेलेपन में

भाषा और कविता से बाहर

सृष्टि की अंतिम रात तक

चाहत के आकाश में

उदास और अकेले!

उत्पल बैनर्जी
About the poet

उत्पल बैनर्जी

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like