दुर्दिनों में जब
रूठ जाएँगी प्रेमिकाएँ
शुभचिंतक तलाश लेंगे
न मिल पाने के अचूक बहाने
हम तब भी नहीं आएँगे कहने कि
आजकल हम अकेले हैं
असंख्य नक्षत्रों के बीच
चाँद की तरह... बिल्कुल अकेले!
हमें कहीं भीतर तक
पोर-पोर खंडहर होते देख
अपनी-अपनी विवशताओं में बँधे
दिवंगत माता-पिता
अनंत की किसी खिड़की से
बस हाथ हिलाकर सांत्वना भर दे सकेंगे
हम तब भी नहीं आएँगे कहने कि
अब हम
सहेजे नहीं जाते कहीं भी!
हमारे दुखों को
और घना कर जाएँगे देवता
मुरझा जाएँगे हमारे नन्हे पौधों के
फूल-से सपने
हम तब भी नहीं आएँगे कहने कि
हमारे बच्चों के आँसुओं में
कोई खिलौना टूटा है!
हम कभी नहीं आएँगे कहने कि
इन दिनों
अँधेरा हमारे घर के भीतर तक घुस आया है!








