जब निराशा का अँधेरा घिरने लगेगा
और उग आएँगे दुखों के अभेद्य बीहड़
ऐसे में जब तुम्हारी करुणा का बादल
ढँक लेना चाहेगा मुझे शीतल आँचल की तरह
मैं लौटा दूँगा उसे
कि मुझे सह लेने दो
जो तुमने अब तक सहा है
उम्र की किसी दहलीज़ पर
जब थमने लगेगा साँसों का ज्वार
जीवन के निर्जन मरुस्थल में
अलक्षित कर दी गईं
किन्हीं प्राचीन दंतकथाओं-सी
भटकेंगी जब कामनाएँ
तब अपनी थकन लिए
मैं चला जाऊँगा
तुम्हारी दया की हरीतिमा से भी दूर
वहाँ—
जहाँ कोई नहीं जाना चाहेगा!
अपने अवसाद के घर में
मैं बचाकर रखूँगा थोड़ा-सा संगीत
किसी याद में लिखी गई पवित्र कविताएँ
कुछ शरारत भरे क्षणों की स्मृति
और धुँधली पड़ गई कुछ चिट्ठियाँ,
फिर एक दिन
मृत्यु की अनसुनी पुकार पर
चुपचाप उठकर यूँ चल दूँगा
कि किसी को पता ही न चले
कि कभी मैं था
कि मेरे साथ दुखभरी अनेक गाथाएँ थीं
प्रेम था, प्रणति थी...
मैं इस तरह चला जाऊँगा
कि फिर बहुत दिनों तक
किसी को याद नहीं आऊँगा!








