खेतों में आँसू बोते हैं - उमाशंकर तिवारी

उमाशंकर तिवारीउमाशंकर तिवारी

3 min read · 12.4K reads

वे लोग जो काँधे हल ढोते
खेतों में आँसू बोते हैं-
उनका ही हक़ है फ़सलों पर
अब भी मानो तो
बेहतर है।

जिनके सपने बेग़ैरत हैं
अक्सर जो
चुप रह जाते हैं
झिड़की खाने के आदी हैं
फुटपाथों पर
सो जाते हैं
वे लोग बड़े गुस्से में हैं
रुख़ पहचानो तो
बेहतर है।

जिनके पुरखे भी ‘चाकर’ थे
जिनकी घरवाली
‘बाँदी’ थीं
जिन पर कोड़े बरसाने की
कारिन्दों को
आज़ादी थी
वे लोग खड़े सीना ताने
उनकी मानो तो
बेहतर है।
उमाशंकर तिवारी
About the poet

उमाशंकर तिवारी

View profile & all 18 Poems / Stories