मुर्दा साँझ का गीत - उद्‌भ्रान्त

उद्‌भ्रान्तउद्‌भ्रान्त4 Sept 1948

3 min read · 12.4K reads

मुर्दा यह शाम हुई !

उखड़े से लगते हैं लोग
टूटा-टूटा सा परिवेश
बर्फ़ हुआ जाता आवेश
हिचकी-सी लेते उपभोग

चौराहे पर अपनी
धड़कन नीलाम हुई !

बारूदी गन्ध अब झाँकती
खिड़की से, काँपती निशा
हाँफ़-हाँफ़ जाती दिशा
बेचैनी अम्बर को ताकती

जंग लगी चिन्तन में
यात्रा यह जाम हुई !

टूट-टूट शृंखला बिखरती
सीटी-सी बजती है कानों में
इन बीहड़ जंगल-मैदानों में
अस्त-व्यस्त भावना विचरती

चलती रहने वाली
ज़िन्दगी विराम हुई !
मुर्दा यह शाम हुई !
उद्‌भ्रान्त
About the poet

उद्‌भ्रान्त

सुपरिचित कवि-लेखक। कविता सहित साहित्य की विभिन्न विधाओं में सौ से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। मूल नाम : रमाकांत शर्मा जन्म : 04/09/1948 | झुंझुनू, राजस्थान

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like