अयोध्या-6 - उद्‌भ्रान्त

उद्‌भ्रान्तउद्‌भ्रान्त4 Sept 1948

3 min read · 12.4K reads

सीता रसोई

सीता की रसोई में
एक चूल्हा था वन-गमन का
आटा पति का साथ देने की सुहागिन साध का
आँख से टपकते जल से
गूँथे जाने को व्यग्र ।

अपहरण का चिमटा
अशोक-वृक्ष की लकड़ी
और अग्नि-परीक्षा की आग
धोबी के घर से भेजा गया
लोकापवाद का तवा था
अपने ही घर से निष्कासन का चकला
और बाल्मीकि आश्रम का बेलन ।

सीता की रसोई में
दो गर्भस्थ शिशुओं को
स्वावलम्बी बनाने के संकल्प की
अदृश्य चिनगारी
सीता की रसोई
क्रूर समय की पृथ्वी से निकली
और समा गई
जीवन की पृथ्वी में ।
उद्‌भ्रान्त
About the poet

उद्‌भ्रान्त

सुपरिचित कवि-लेखक। कविता सहित साहित्य की विभिन्न विधाओं में सौ से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। मूल नाम : रमाकांत शर्मा जन्म : 04/09/1948 | झुंझुनू, राजस्थान

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like