बंजारे बंजारों में - उदयप्रताप सिंह

उदयप्रताप सिंहउदयप्रताप सिंह18 Sept 1932

3 min read · 12.4K reads

ख़ुशबू नहीं प्यार की महकी जिनके सोच-विचारों में ।
नागफनी की चुभन मिली उनके दैनिक व्यवहारों में ।

तू पतझर के पीले पत्तों पर पग धरते डरता है
लोग सफलता खोज चुके हैं लाशों के अंबारों में ।

महलों के रहने वाले कुछ दूरी रखकर मिलते हैं
पल-भर में घुल-मिल जाते हैं बंजारे बंजारों में ।

औरत ही माँ, बहन, आत्मजा, पत्नी और प्रेमिका है
बदली नज़रों से पड़ता है, कितना फ़र्क नज़ारों में ।

अगर उजाला दे न सका तू ‘उदय’ अंधेरी बस्ती को
क्या होगा यदि लिख भी गया कल नाम तेरा फ़नकारों में ।
उदयप्रताप सिंह
About the poet

उदयप्रताप सिंह

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like