लगातार मरते हुए भी न मरना, जीवन को थामे रखना
दुःख की परतों को बरस दर बरस
उधेड़ते जाकर उसके अंतस में
रस से भरा वह प्याला देखना
जिसका न आश्वासन था, न उम्मीद
वहीं मेज़ पर सिर टिकाकर बैठ जाना कुछ देर
मानो अब तक जिए को याद करने की कोशिश
अपने ही सामने निःशेष हो रही हो
फिर पूरे संकोच बल्कि शर्म से
उस प्याले को एक-एक बूँद
गले के नीचे उतारते जाकर
यह पाने लगना कि अपने एक के बाद
दूसरे आवरणों को उतारती हुई पृथ्वी
नीले आकाश में तब्दील होती जाती है और
क़रीब आ गए देवताओं के चेहरों पर
वही स्पर्श बिखरे हैं जो वह
उसके स्तनों पर अमूमन छोड़ आता रहा है।








