रात में छूट गया हारमोनियम

उदय प्रकाशउदय प्रकाश1 Sept 1951

1 min read · 12.4K reads

मैं हारमोनियम रात के भीतर बजा रहा था

गाना जो था वह अँधेरे में इतनी दूर तक जाता था

कि मैं देख नहीं पाता था

फिर एक पतली-सी दरार मुझे दिखी

मैं उसमें घुस गया

और अँधेरे की दो परतों के बीच नींद में डूबे पानी जैसा

दूर तक दौड़ने लगा

वहाँ बीस साल से एक लड़की थी जो बिना कभी दिखे

सोती जा रही थी

वह जागी तो नहीं लकिन नींद में ही हँसी

अँधेरे में गाना था और पानी जैसा जो बह रहा था

वह मैं था

फिर तो मैं भी हँसने लगा रात में ही

अँधेरे में छुपा हुआ

एक मोटा अधेड़ उम्र का आदमी

साईं बाबा की फ़ोटो के नीचे पिस्ता खा रहा था

उसने बंदूक़ से मुझे डराया

यों आँखें फाड़कर और मुँह को यूँ-यूँ करके

वह तो बाप निकला लड़की का, जो ग़ुस्से में था

और सो भी नहीं रहा था बीस साल से

लड़की के सपनों की पहरेदारी में

मैं क्या करता? धप्प् से कूदकर बाहर निकल आया

और उजाले में डरावने आदमी से नमस्ते करने लगा

लेकिन मेरा हारमोनियम तो

रात में ही रह गया था, बहुत पीछे

और वह बज रहा था

और लड़की हँसे क्यों जा रही थी

यह कहना मुश्किल था।

उदय प्रकाश
About the poet

उदय प्रकाश

View profile & all 58 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like