श्रद्धांजली

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

1 min read · 12.4K reads

पलक झपकते ही एक धड़कती भाषा

निरे शब्दों का बेजान ढेर बन जाती है

मृत्यु क़िस्तों में उद्घाटित होती है जीवन पर

तुम्हें झाड़ आए हैं अपने वजूद से

कलश में भर कर बहा आए हैं

तुम्हें अग्नि में त्याग आए हैं

त्याग आए हैं जल में हवा में माटी में

और आकाश में तुम्हें

घट-घट में कण-कण में जहाँ-जहाँ जो भी है

सबमें त्याग आए हैं तुम्हें

पर सहज तभी हो सकेंगे

जब त्याग पाएँगे अपने अवकाश में तुम्हें

जहाँ तुम

अपने ही बीज बनकर उग रहे हो हर तरफ़

मकई के दानों से बिखर-बिखर कर

छर्रों से उड़ रहे हो हर तरफ़ एक सिम्फ़निक क्रमहीनता में

एक-एक से हज़ार-हज़ार होकर

तुम अपनी भीड़ बन कर भरते जा रहे हो

हमारे अवकाश में

तुम्हारे किस-किस तुमको

त्याग सकेगा कोई?

आटे को और कितना पीस सकता है कोई?

तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like