काला कैनवास तिरछी लकीरें

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

1 min read · 12.4K reads

वह जहाँ खड़ा है उस तक पहुँचने के सारे रास्ते

गिर गए हैं

और उसके चारों तरफ़ धुँध फैलती जा रही है

जबकि उसे खोजने मिथकों में जा रहे हैं लोग

वह एक द्वीप हो गया है

कोई भी भाषा चल कर उस तक नहीं आ सकती

अब वह अपने जैसा ही किसी को ढूँढ़ता है

सड़क बाज़ार और इंटरनेट पर

सिर्फ़ इतना कि वह काले को काला कहता है, ग्रे नहीं

और काले को काला कह देने लायक़ कोई भाषा नहीं बची

अब वह जो भी कहता है पहेली की तरह लिया जाता है

जिसमें काले का अर्थ कुछ भी हो सकता है, काला नहीं

अपने लोगों के बीच एक द्वीप हो जाना

जीते जी लुप्त हो जाना है और ऐसे ही कितने लोग

अकेले लुप्त हुए जा रहे हैं

जबकि आँकड़े बताते हैं कि आबादी बढ़ रही है

यह किसकी आबादी है?

वह इन बेरहम फ़ासलों से हाथ उठा-उठा कर चिल्लाता है और

कुछ कहता है पर व्यस्त लोग

अपनी-अपनी जुगत में उसके बग़ल से निकल जाते हैं

वह एक काले कैनवास पर तिरछी लकीरें खींचता है और

बताता है यह मेरा समय है

जिसकी तिरछी लकीरें कैनवास के बाहर मिलकर

नई संरचना तैयार कर रही हैं

चित्र कैनवास के बाहर शून्य में आकार लेते हैं

उसका मन रोज़ एक खाई बनाता है

जिसे वह रोज़ पार करता है

जगत इसकी व्याख्या में उलझा रहता है।

तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like