क्या यही मिला है - तेजी ग्रोवर

तेजी ग्रोवरतेजी ग्रोवर

3 min read · 12.4K reads

क्या यही मिला है

हम भूल जाएँ उसे
और प्रतीक्षा करें

बस यही

गिलहरी आए
ख़ाली आँखों में ताक-झाँक
फिर भाग जाए आम के फूलों में

बहुत दिनों से दिखा भी नहीं
प्रेम के पाश में बीच गली पड़ा हुआ
वह एक जोड़ा गिरगिट का

श्वेताम्बरी बकरी वह
जो चाँदनी के फूलों के नीचे
देह उठाए खड़ी है

वह तरुण
जिसकी आँखों के शिशु में
आन ही पहुँची है वह इच्छा का रूप धरे

भूल जाएँ उसे
और प्रतीक्षा करें
तेजी ग्रोवर
About the poet

तेजी ग्रोवर

View profile & all 45 Poems / Stories