जिस भी सेमल की छींबी से उड़ती है वह

तेजी ग्रोवरतेजी ग्रोवर

1 min read · 12.4K reads

जिस भी सेमल की छींबी से उड़ती है वह

जिस भी दूर्वा की ओस भरी लोच में नम

जिस भी हरे साँप के नीचे से रेंग जाती है घास में

जिस भी दुधमुँहे दाँत से काट लेती है कुचाग्र को

जिस भी ईश्वर में घुलनशील है अनास्था की केंचुल में

जिस भी पत्ती से क्षमा माँगती है कि आत्माएँ मर्त्य हैं

जिस भी गर्भ में सुनती है व्यूह में प्रवेश की

जिस भी नक्षत्र पर सवार वह निहारती है पितरों के श्वेत को

वह रहे!

अपने व्योम में स्वच्छ

और पारभासी

आए न आए यहाँ

वह रहे!

तेजी ग्रोवर
About the poet

तेजी ग्रोवर

View profile & all 45 Poems / Stories