अनबुझे सत्य - तेज राम शर्मा

तेज राम शर्मातेज राम शर्मा25 Sept 1943

4 min read · 12.4K reads

लम्बी अंधेरी सर्द
रातों के बाद
कितनी ही बार मैं
धीर आश्वस्त हो
चूल्हे के पास जाता
और राख के ढेर में
छुपे अँगारों को
ढूँढ लेता था

अनबुझे सत्य की तरह
छोटे-छोटे अंगारे
सूखी घास का
संपर्क पाते ही
स्लेट की छत के बीचों-बीच
धुएं की पताका
फहरा देते थे

माँ ने कहा था
अँधेरी रातों में
अँगारों को राख में
छुपाकर रखना
ताकि सुबह होते ही
आश्वस्त हो
बार-बार ढूँढ सको
तुम जलते अँगारे

पर कितनी ही बार
गर्म राखे के बीच
मेरे हाथ कोई भी
अँगारा नहीं लगता था

हताशा
निराशा
कितनी ही बार
गर्म राख़
मुझे धोख़ा दे जाती थी।
तेज राम शर्मा
About the poet

तेज राम शर्मा

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like