मैं हर रोज़ यहाँ आता हूँ
पुल पर रुकता हूँ थोड़ी देर
देखता हूँ
कलकल बहता पानी
उड़ते पक्षी
पेड़ों के समूह
हरे-भरे पत्तों का आपस में बतियाना
डालियों और फूलों का खिलखिलाना
सोचता हूँ
कहाँ से आया
यह पानी?
जहाँ से आया है
वहाँ कहाँ से आया होगा ?
किसने सिखाया फूलों को खिलना
पक्षियों को उड़ना
सुनता हूँ
पानी पर लहरों का संगीत
उड़ते पक्षियों से
बिंब पकड़ता हूँ
टहनियों पर लगे फूलों में से
शब्द देखता हूँ
हवा की हँसी में से
कविता तलाशता हूँ
आश्चर्य नहीं
कि पक्षी भी संगीत सुनते हैं
हवा भी लिखती है कविता
मैं कविता की आँख से
सृष्टि को निहारता हूँ।








