जीवन संध्या के सूने तट पर - तारा सिंह

तारा सिंहतारा सिंह10 Sept 1952

5 min read · 12.4K reads

भावों की मूक गुदगुदी सी
मौन अभिलाषा सी लाचार
जीवन संध्या के सूने तट पर
प्राण जल हिलकोरे में, जब
देखा, पारद के मोती से
तुम्हारी चंचल छवि को
बन, मिट रहा बार-बार
जनशून्य मरुदेश में, ज्यों
रोता निशीथ में पवन
त्यों मेरा उर कर उठा चित्कार

कहने लगा, ओ मेरे जीवन की स्मृति
ओ मेरे, अंतर के अनंत अनुराग
मेरी अभिलाषा के मानस में, तुम
अपनी सरसिज सी आँखें खोलो
और अपनी हँसी संग, मेरे आँसू को
घुल-मिल जाने दो आज

मेरे प्रणय श्रृंग की निश्चेतना में
मेरे प्राण संग, सुरभित चंदन –सी
लिपटी रहो, और मिटा दो
अपने हिम शीतल अधरों से छूकर
मेरे अतृप्त जीवन की तप्त प्यास

मत रखो तुम दूर खुद से उसे, जिसके
शिशु-सा कोमल, हृदय को तुमने कभी
अपनी नज़रों के मृदु कठिन तीरों से
घायल कर,किया था अपना प्रणय विस्तार
जो आज भी, मेरे अलकों के छोरों से
चू रहा बन, अश्रु बूँदों की विविध लाश
तारा सिंह
About the poet

तारा सिंह

View profile & all 119 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like