हम ख़ाक-नशीनों को राहत का उजाला दे

ताजवर सुल्तानाताजवर सुल्ताना

1 min read · 12.4K reads

हम ख़ाक-नशीनों को राहत का उजाला दे

कब हम ने कहा तुझ से सोने का निवाला दे

रहने को हवेली है शोहरत भी मिली लेकिन

किरदार भी कुछ तुझ को अल्लाह-तआला दे

अब ऐसी मोहब्बत से दिल कौन लगाता है

जो ज़ख़्म जिगर में दे और पाँव में छाला दे

क्या उठ गई दुनिया से हर रस्म-ए-वफ़ा या रब

कहता है ये दीवाना इक चाहने वाला दे

ऐ यार मिरी चाहत और ज़र्फ़ को क्या जाने

पी लूँ तिरे हाथों से गर ज़हर का प्याला दे

अपना हो कि दुश्मन हो ये 'ताज' न देखा कर

हर शख़्स को ख़ुश हो कर अख़्लाक़ निराला दे

ताजवर सुल्ताना
About the poet

ताजवर सुल्ताना

View profile & all 2 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like