घनीभूत पीड़ा

Shamsher Bahadur SinghShamsher Bahadur Singh13 Jan 1911 – 12 May 1993

2 min read · 12.8K reads


(एक सिम्‍फनी)

जवाँद‍राजियाँ खुदी की रह गयीं :
तेरी निगाहें कहना था सो कह गयीं।

- कोई
आँख मुँदी है न खुली!
एक ही चट्टान... लहर पार लहर, पार...
सूर्य के इस ओर ठहर
स्‍तम्भ-तुला पर सिहरा
मौन जलद-कन।
- आँख मुँदी है न खुली कोई।

× ×

बुलबुले उठे, उड़े
- कि तीरछे मुड़े :
खिले : फेन-कमल बन,
उज्‍ज्‍वलतम :
धनपट से दूर, वार, - खुले।
कोमल कन, छन्-छन्, बुलबुले।
ज्‍योति-जुड़े।

× ×

खोल, उठा ज्‍योति के मयंक।
अंक मिटा भाल के, निशंक!
मोह-सत्‍य भौंह बंक।
लौह सत्‍य प्रेम-पंक।
...अन्‍यथा व्‍यथा व्‍यथा, वृथा...

है अनादि : आदि रंक - शून्‍य अंक।
तोल उठा वक्ष के अशंक भाव
की अथाहता!

× ×

वर्जित को जीत, भीत को भगा :
मौन प्रेम में पगा हृदय जगा!
सुप्ति-शक्ति-पट विलोल,
खोले मुक्‍ताभ विमल उर अमोल
सम्‍पुट अलगा।

× ×

हे अमल अनल!
छोर कहाँ छोड़ा उस भाव का विमल :
सरिता-तट छोह जहाँ मोह का कमल?

चट्टानें तानें लहरों की नित रहीं तोड़
गति मरोड़ रहीं मनःस्‍वन की, -
उन्‍चास मोड़
होड़ ले रहे तुमसे केवल,
हे अमल अनल!
हे अमल अनल!

× ×

देखा था वह प्रभात;
तुम्‍हें साथ; पुनः रात :
पुलकित... फिर शिथिल गात;
तप्‍त माथ, स्‍वेद-स्‍नात;
मौन म्‍लान, पीत पात;
पुनः अश्रु-बिम्‍ब-लीन
शनैः स्‍वप्न-कम्‍प वात।

× ×

हे अगोरती विभा,
जोहती विभावरी!
हे अमा उमामयी,
भावलीन बावरी!
मौन मौन मानसी,
मानवी व्‍यथा-भरो!


लजाओ मत अभाव की परेख ले :
समाज आँख भर तुम्हें न देख ले।

Shamsher Bahadur Singh
About the poet

Shamsher Bahadur Singh

शमशेर बहादुर सिंह 13 जनवरी 1911- 12 मई 1993 आधुनिक हिंदी कविता की प्रगतिशील त्रयी के एक स्तंभ हैं। हिंदी कविता में अनूठे माँसल एंद्रीए बिंबों के रचयिता शमशेर आजीवन प्रगतिवादी विचारधारा से जुड़े रहे। तार सप्तक से शुरुआत कर चुका भी नहीं हूँ मैं के लिए साहित्य अ…

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like