चीन

Shamsher Bahadur SinghShamsher Bahadur Singh13 Jan 1911 – 12 May 1993

1 min read · 12.5K reads


मैंने
क्षितिज के बीचोबीच
खिला हुआ देखा
कितना बड़ा फूल!

देखकर
गम्भीर शपथ की एक
तलवार सीधी अपने सीने पर
रखी और प्रण लिया
कि :

वह आकाश की माँग का फूल
जब तक मैं चूम न लूँगा
चैन से न बैठूँगा।

और महान संदेश लिये
दौड़ता हुआ संदेशवाहक हो जैसे -
मैं दौड़ा :

चार दिशाओं का आलोक
सिर पर धारे
पाँवों में उत्‍साह के पर औ'
अक्षुण्ण गति के तीर
बाँधे।

और पहुँच कर वहीं
अपने प्रेम की
बाँहों में बाँहें डाल दीं मैंने
और
उस सीमा के ऊपर खड़े हुए
हम दोनों प्रसन्‍न थे।

अमर सौन्दर्य का
कोई इशारा-सा
एक तीर
दिशाओं की चौकोर दुनिया के बराबर
संतुलित
सधा हुआ
निशाने पर
छूटने-छूअने को था।

× ×

(हमारा अंतर
एक बहुत बड़ी विजय का
आलोक-चिह्न
है।)

Shamsher Bahadur Singh
About the poet

Shamsher Bahadur Singh

शमशेर बहादुर सिंह 13 जनवरी 1911- 12 मई 1993 आधुनिक हिंदी कविता की प्रगतिशील त्रयी के एक स्तंभ हैं। हिंदी कविता में अनूठे माँसल एंद्रीए बिंबों के रचयिता शमशेर आजीवन प्रगतिवादी विचारधारा से जुड़े रहे। तार सप्तक से शुरुआत कर चुका भी नहीं हूँ मैं के लिए साहित्य अ…

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like