मैं उस आदमी की ज़बान
काट देना चाहती हूँ
जिस ने पहली बार
पाँव चाटने की रिवायत क़ाएम की
मैं उस लड़की के हाथ
क़लम करना चाहती हूँ
जिस ने पहली बार
एक मर्द के पैरों को छुआ
उस माँ को संगसार करना चाहती हूँ
जिस ने बेटी के ख़्वाब फाड़ कर
बेटे की किताबों पर कवर चढ़ाए
और बेटी को बदबू-दार शौहर देते हुए
बेटे से आती कोठे की ख़ुशबू
नज़र-अंदाज़ कर दी
उस बाप को
कूड़े के जलते हुए ढेर में
दबा देना चाहती हूँ
जिस ने अपने बिस्तर में
एक कुँवारी लड़की हामिला की
और बेटी को
ग़ैरत की तीली से फूँक दिया








