तिरी बातों में आता है मिरा दिल कितना सादा है
ग़मों में मुस्कुराता है मिरा दिल कितना सादा है
जफ़ा-कारों की दुनिया में वफ़ा की आस है इस को
अजब सपने सजाता है मिरा दिल कितना सादा है
इसे कुछ भी नहीं दिखता सिवाए तेरे दुनिया में
तुम्ही पर जाँ लुटाता है मिरा दिल कितना सादा है
मिरे दुख-दर्द को अच्छी तरह से जानता है जो
उसी से ग़म छुपाता है मिरा दिल कितना सादा है
मुझे मालूम है 'तस्कीं' नहीं आएगा अब के वो
मगर उस को बुलाता है मिरा दिल कितना सादा है








