ये दिसम्बर है - नज़्म

सरवत ज़ेहरासरवत ज़ेहरा5 May 1972

1 min read · 12.4K reads

सुनो मैं जानती हूँ ये दिसम्बर है

वहाँ सर्दी बहुत होगी

अकेले शाम को जब तुम थके क़दमों से लौटोगे

तो घर में कोई भी लड़की

सुलगती मुस्कुराहट से

तुम्हारी इस थकावट को

तुम्हारे कोट पर ठहरी हुई बारिश की बूंदों को

समेटेगी न झाड़ेगी

न तुम से कोट ले कर वो किसी कुर्सी के हत्थे पर

उसे लटका के अपने नर्म हाथों से

छुएगी इस तरह जैसे तुम्हारा लम्स पाती हो

तुम आतिश-दान के आगे सिमट कर बैठ जाओगे

तो ऐसा भी नहीं होगा

तुम्हारे पास वो आ कर

बहुत ही गर्म कॉफ़ी का ज़रा सा घूँट ख़ुद ले कर

वो कॉफ़ी तुम को दे कर तुम से ये पूछे

कहो क्या थक गए हो तुम

तुम अपनी ख़ाली आँखों से

यूँ अपने सर्द कमरे को जो देखोगे तो सोचोगे

ठिठुर कर रह गया सब कुछ

तुम्हारी उँगलियों की सर्द पोरों पर

किसी रुख़्सार की नर्मी

किसी के होंट की गर्मी

तुम्हें बे-साख़्ता महसूस तो होगी

मगर फिर सर्द मौसम की हवा का एक ही झोंका

तुम्हें बेहाल कर देगा

थके हारे ठिठुरते सर्द बिस्तर पर

अकेले लेट जाओगे

सरवत ज़ेहरा
About the poet

सरवत ज़ेहरा

मूल नाम : सरवत ज़ेहरा जन्म : 05 May 1972 | कराची, सिंध

View profile & all 45 Poems / Stories