उसे हम ढूँडने तो निकले हैं
मगर पहचानेंगे कैसे
जंग-ए-बद्र-ओ-उहद से
वाक़िआ'-ए-कर्बला तक
हीरोशीमा
नागा-साकी
फ़िलिस्तीन-ओ-इराक़ तक
सफ़ेद कबूतरों के झुण्ड में
ज़ैतूँ की शाख़ों में
अलम-ए-अब्यज़ में
कहीं तो है वो
ज़ाइक़ा-दार खानों में
आलीशान ऐवानों में
फूलों के दस्तों में
काग़ज़ के बस्तों में
क़लम की रौशनाई में
लफ़्ज़ों की तन्हाई में
कहीं भटक रहा है वो
नस्लों के झगड़े
ज़बानों के क़ज़िए
रंगों के खेल
सरहद के फ़े'ल
उस के आड़े आ रहे हैं
अब से दुनिया की हर हसीन शय को
जिस का हम नाम नहीं जानते
रोकेंगे और पूछेंगे
तुम्हारा नाम अम्न तो नहीं








