सब वा हैं दरीचे तो हवा क्यों नहीं आती
चुप क्यों हैं परिंदों की सदा क्यों नहीं आती
गुल खिलने का मौसम है तो फिर क्यों नहीं खिलते
ख़ामोश हैं क्यों पेड़ सबा क्यों नहीं आती
बे-ख़्वाब किवाड़ों पे हवा देती है दस्तक
सोए हुए लोगों को जगा क्यों नहीं देती
सुनते हैं कि मंज़र है बदलने को चमन का
फिर इस की गवाही की निदा क्यों नहीं आती
क्यों एक से लगते हैं यहाँ अब सभी मौसम
ख़ुशबू किसी मौसम से जुदा क्यों नहीं होती
सोना है मुझे अब तो वही ओढ़ के 'शबनम'
मेरे लिए फूलों की रिदा क्यों नहीं आती








