काँटे चुभते हैं चुभें पाँव में चलते जाएँ
राख बनने से तो बेहतर है कि जलते जाएँ
तब्अ' रौशन रहे ऐसी ही फ़रोज़ाँ अपनी
और हम शम्अ' की मानिंद पिघलते जाएँ
जिन्हें रक्खा न लगावट के भी ज़ुमरे में कभी
रफ़्ता रफ़्ता उन्हीं बातों से बहलते जाएँ
दे नया ग़म कि हमें फिर से सँभाले आ कर
सेहर से तेरे भी अब हम तो निकलते जाएँ
ख़्वाहिशें साथ ही चलती हैं जिधर भी जाएँ
हम कहाँ तक इन्हें क़दमों से मसलते जाएँ








