हम अगर सच के उन्हें क़िस्से सुनाने लग जाएँ

शबाना यूसुफ़शबाना यूसुफ़

1 min read · 12.4K reads

हम अगर सच के उन्हें क़िस्से सुनाने लग जाएँ

लोग तो फिर हमें महफ़िल से उठाने लग जाएँ

याद भी आज नहीं ठीक तरह से जो शख़्स

हम उसे भूलना चाहें तो ज़माने लग जाएँ

शाम होते ही कोई ख़ुशबू दरीचा खोले

और फिर बीते हुए लम्हे सताने लग जाएँ

ख़ुद चराग़ों को अंधेरों की ज़रूरत है बहुत

रौशनी हो तो उन्हें लोग बुझाने लग जाएँ

इक यही सोच बिछड़ने नहीं देती तुझ से

हम तुझे बाद में फिर याद न आने लग जाएँ

एक मुद्दत से ये तन्हाई में जागे हुए लोग

ख़्वाब देखें तो नया शहर बसाने लग जाएँ

शबाना यूसुफ़
About the poet

शबाना यूसुफ़

उपनाम : ''शबाना''

View profile & all 11 Poems / Stories