उल्लू का पट्ठा

Saadat Hasan MantoSaadat Hasan Manto11 May 1912

18 min read · 13.1K reads

क़ासिम सुबह सात बजे लिहाफ़ से बाहर निकला और ग़ुसलख़ाने की तरह चला। रास्ते में, ये इसको ठीक तौर पर मालूम नहीं, सोने वाले कमरे में, सहन में या ग़ुसलख़ाने के अंदर उस के दिल में ये ख़्वाहिश पैदा हुई कि वो किसी को उल्लु का पट्ठा कहे। बस सिर्फ़ एक बार ग़ुस्से में या तंज़िया अंदाज़ में किसी को उल्लु का पट्ठा कह दे।

क़ासिम के दिल में इस से पहले कई बार बड़ी बड़ी अनोखी ख्वाहिशें पैदा हो चुकी थीं मगर ये ख़्वाहिश सब से निराली थी। वो बहुत ख़ुश था। रात उसको बड़ी प्यारी नींद आई थी। वो ख़ुद को बहुत तर-ओ-ताज़ा महसूस कर रहा था। लेकिन फिर ये ख़्वाहिश कैसे इस के दिल में दाख़िल होगई। दाँत साफ़ करते वक़्त उस ने ज़रूरत से ज़्यादा वक़्त सर्फ़ किया जिस के बाइस उस के मसूड़े छिल गए। दरअसल वो सोचता रहा कि ये अजीब-ओ-ग़रीब ख़्वाहिश क्यों पैदा हूई। मगर वो किसी नतीजा पर न पहुंच सका।

बीवी से वो बहुत ख़ुश था। उन में कभी लड़ाई न हुई थी, नौकरों पर भी वो नाराज़ नहीं था। इस लिए कि ग़ुलाम मुहम्मद और नबी बख़्श दोनों ख़ामोशी से काम करने वाले मुस्तइद नौकर थे। मौसम भी निहायत ख़ुश-गवार था। फरवरी के सुहाने दिन थे जिन में कुंवार-पने की ताज़गी थी। हवा ख़ुनुक और हल्की। दिन छोटे न रातें लंबी। नेचर का तवाज़ुन बिलकुल ठीक था और क़ासिम की सेहत भी ख़ूब थी समझ में नहीं आता था कि किसी को बग़ैर वजह के उल्लू का पट्ठा कहने की ख़्वाहिश उसके दिल में क्योंकर पैदा होगई।

क़ासिम ने अपनी ज़िंदगी के अट्ठाईस बरसों में मुतअद्दिद लोगों को उल्लु का पट्ठा कहा होगा और बहुत मुम्किन है कि इस से भी कड़े लफ़्ज़ उस ने बाअज़ मौक़ों पर इस्तिमाल किए हों और गंदी गालियां भी दी हूँ मगर उसे अच्छी तरह याद था कि ऐसे मौक़ों पर ख़्वाहिश बहुत पहले उस के दिल में पैदा नहीं हुई थी मगर अब अचानक तौर पर उस ने महसूस किया था कि वो किसी को उल्लु का पट्ठा कहना चाहता है और ये ख़्वाहिश लम्हा-ब-लम्हा शिद्दत इख़्तियार करती चली गई जैसे उस ने अगर किसी को उल्लू का पट्ठा न कहा तो बहुत बड़ा हर्ज हो जाएगा।

दाँत साफ़ करने के बाद उस ने छिले हुए मसूड़ों को अपने कमरे में जा कर आईने में देखा। मगर देर तक उन को देखते रहने से भी वो ख़्वाहिश न दबी जो इका इकी उस के दिल में पैदा होगई थी।

क़ासिम मंतक़ी क़िस्म का आदमी था। वो बात के तमाम पहलूओं पर ग़ौर करने का आदी था। आईना मेज़ पर रख कर वह आराम कुर्सी पर बैठ गया और ठंडे दिमाग़ से सोचने लगा।

मान लिया कि मेरा किसी को उल्लू का पट्ठा कहने को जी चाहता है..... मगर ये कोई बात तो न हूई..... मैं किसी को उल्लु का पट्ठा क्यों कहूं?..... मैं किसी से नाराज़ भी तो नहीं हूँ.....

ये सोचते सोचते उस की नज़र सामने दरवाज़े के बीच में रखे हुए हुक्के पर पड़ी। एक दम उस के दिल में ये बातें पैदा हुईं, अजीब वाहीयात नौकर है। दरवाज़े के ऐन बीच में ये हुक़्क़ा टिका दिया है। में अभी इस दरवाज़े से अंदर आया हूँ, अगर ठोकर से भरी हुई चिलिम गिर पड़ती तो पअंदाज़ जोकि मूंज का बना हुआ है जलना शुरू हो जाता और साथ ही क़ालीन भी.....

उस के जी में आई कि ग़ुलाम मुहम्मद को आवाज़ दे। जब वो भागा हुआ उस के सामने आजाए तो वो भरे हुए हुक़्क़े की तरफ़ इशारा करके इस से सिर्फ़ इतना कहे ख़ाहिश “तुम निरे उल्लु के पट्ठे हो।” मगर उस ने तअम्मुल किया और सोचा यूं बिगड़ना अच्छा मालूम नहीं होता। अगर ग़ुलाम मुहम्मद को अब बुला कर उल्लु का पट्ठा कह भी दिया तो वो बात पैदा न होगी और फिर..... और फिर उस बिचारे का कोई क़ुसूर भी तो नहीं है। मैं दरवाज़े के पास बैठ कर ही तोहर रोज़ हुक्का पीता हूँ।

चुनांचे वो ख़ुशी जो एक लम्हा के लिए क़ासिम के दिल में पैदा हूई थी कि उस ने उल्लु का पट्ठा कहने के लिए एक अच्छा मौक़ा तलाश कर लिया, ग़ायब होगई।

दफ़्तर के वक़्त में अभी काफ़ी देर थी। पूरे दो घंटे पड़े थे, दरवाज़े के पास कुर्सी रख कर क़ासिम अपने मामूल के मुताबिक़ बैठ गया और हुक़्क़ा नोशी में मसरूफ़ होगया।

कुछ देर तक वो सोच बिचार किए बग़ैर हुक़्क़े का धूवां पीता रहा और धोएँ के इंतिशार को देखता रहा। लेकिन जूंही वो हुक़्क़े को छोड़कर कपड़े तबदील करने के लिए साथ वाले कमरे में गया तो उस के दिल में वही ख़्वाहिश नई ताज़गी के साथ पैदा हुई।

क़ासिम घबरा गया। भई हद होगई.......... उल्लु का पट्ठा..... मैं किसी को उल्लु का पट्ठा क्यों कहूं और ब-फर्ज़-ए-मुहाल मैंने किसी को उल्लु का पट्ठा कह भी दिया तो क्या होगा.....

क़ासिम दिल ही दिल में हंसा। वो सहीहुद्दिमाग़ आदमी था। उसे अच्छी तरह मालूम था कि ये ख़्वाहिश जो उस के दिल में पैदा हूई है बिलकुल बेहूदा और बेसर-ओ-पा है लेकिन इस का क्या ईलाज था कि दबाने पर वो और भी ज़्यादा उभर आती थी।

क़ासिम अच्छी तरह जानता था कि वो बग़ैर किसी वजह के उल्लु का पट्ठा न कहेगा। ख़ाह ये ख़्वाहिश सदियों तक उस के दिल में तिलमिलाती रहे, शायद इसी एहसास के बाइस ये ख़्वाहिश जो भटकी हुई चमगादड़ की तरह उस के रोशन दिल में चली आई थी। इस क़दर तड़प रही थी।

पतलून के बटन बंद करते वक़्त जब उस ने दिमाग़ी परेशानी के बाइस ऊपर का बटन निचले काज में दाख़िल कर दिया तो वो झल्ला उठा। भई होगा..... ये क्या बेहूदगी है.......... दीवाना पन नहीं तो और किया है..... उल्लु का पट्ठा कहो.....उल्लु का पट्ठा कहो और ये पतलून के सारे बटन मुझे फिर से बंद करने पड़ेंगे। लिबास पहन कर वो मेज़ पर आ बैठा। उस की बीवी ने चाय बना कर प्याली इस के सामने रख दी और तोस पर मक्खन लगाना शुरू कर दिया। रोज़ाना मामूल की तरह हर चीज़ ठीक ठाक थी, तोस इतने अच्छे सेंके हूए थे कि बिस्कुट की तरह कुरकुरे थे और डबल रोटी भी आला क़िस्म की थी। ख़मीर में से ख़ुशबू आरही थी। मक्खन भी साफ़ था, चाय की केतली बेदाग़ थी। उस की हथ्थी के एक कोने पर क़ासिम हर रोज़ मेल देखा करता था। मगर आज वो धब्बा भी नहीं था।

उस ने चाय का एक घूँट पिया। उस की तबीयत ख़ुश होगई। ख़ालिस दार्जिलिंग की चाय थी। जिस की महक पानी में भी बरक़रार थी। दूध की मिक़दार भी सही थी।

क़ासिम ने ख़ुश हो कर अपनी बीवी से कहा। “आज चाय का रंग बहुत ही प्यारा है और बड़े सलीक़े से बनाई गई है।”

बीवी तारीफ़ सुन कर ख़ुश हूई। मगर उस ने मुँह बना कर एक अदा से कहा। “जी हाँ। बस आज इत्तिफ़ाक़ से अच्छी बन गई है वर्ना हर रोज़ तो आप को नीम घोल के पिलाई जाती है..... मुझे सलीक़ा कहाँ आता है..... सलीक़े वालियां तो वो मोय होटल की छोकरीया हैं जिन के आप हरवक़्त गुण गाया करते हैं।”

ये तक़रीर सुन कर क़ासिम की तबीयत मुकद्दर होगई। एक लम्हा के लिए उस के जी में आई कि चाय की प्याली मेज़ पर उलट दे और वो नीम जो उस ने अपने बच्चे की फुंसियां धोने के लिए ग़ुलाम मुहम्मद से मंगवाई थी और सामने बड़े ताक़चे में पड़ी थी घोल कर पी ले मगर उस ने बुर्दबारी से काम लिया। ये औरत मेरी बीवी है। इस में कोई शक नहीं कि उस की बात बहुत ही भोंडी है मगर हिंदूस्तान में सब लड़कियां बीवी बन कर ऐसी भोंडी बातें ही करती हैं। और बीवी बनने से पहले अपने घरों में वो अपनी माओं से कैसी बातें सुनती हैं? बिलकुल ऐसी अदना क़िस्म की बातें और उस की वजह सिर्फ़ ये है कि औरतों को उमूमी ज़िंदगी में अपनी हैसियत की ख़बर ही नहीं..... मेरी बीवी तो फिर भी ग़नीमत है यानी सिर्फ़ एक अदा के तौर पर ऐसी भोंडी बात कह देती है, उस की नीयत नेक होती है। बाअज़ औरतों का तो ये शिआर होता है कि हरवक़्त बकवास करती रहती हैं।

ये सोच कर क़ासिम ने अपनी निगाहें उस ताक़चे पर से हटा लीं जिस में नीम के पत्ते धूप में सूख रहे थे और बात का रुख़ बदल कर उस ने मुस्कुराते हुए कहा। “देखो, आज नीम के पानी से बच्चे की टांगें ज़रूर धो देना। नीम ज़ख़्मों के लिए बड़ी अच्छी होती है.......... और देखो, तुम मौसम्मियों का रस ज़रूर पिया करो..... मैं दफ़्तर से लौटते हुए एक दर्जन और ले आऊँगा। ये रस तुम्हारी सेहत के लिए बहुत ज़रूरी है।”

बीवी मुस्कुरा दी। “आप को तो बस हरवक़्त मेरी ही सेहत का ख़्याल रहता है। अच्छी भली तो हूँ, खाती हूँ, पीती हूँ, दौड़ती हूँ, भागती हूँ..... मैंने जो आप के लिए बादाम मंगवा के रखे हैं..... भई आज दस बीस आप की जेब में डाले बग़ैर न रहूंगी.......... लेकिन दफ़्तर में कहीं बांट न दीजीएगा।”

क़ासिम ख़ुश होगया कि चलो मौसंबियों के रस और बादामों ने उसकी बीवी के मस्नूई ग़ुस्से को दूर कर दिया और ये मरहला आसानी से तय होगया। दरअसल क़ासिम ऐसे मरहलों को आसानी के साथ इन तरीक़ों ही से तय किया करता था। जो उस ने पड़ोस के पुराने शौहरों से सीखे थे। और अपने घर के माहौल के मुताबिक़ इन में थोड़ा बहुत रद्दोबदल कर लिया था।

चाय से फ़ारिग़ होकर उस ने जेब से सिगरेट निकाल कर सुलगाया और उठ कर दफ़्तर जाने की तैय्यारी करने ही वाला था कि फिर वही ख़्वाहिश नमूदार होगई। इस मर्तबा उस ने सोचा। अगर मैं किसी को उल्लु का पट्ठा कह दूं तो क्या हर्ज है। ज़ेर-ए-लब बिलकुल हौले से कह दूं, उल्लु..... का..... पट्ठा..... तो मेरा ख़याल है कि मुझे दिली तसकीन हो जाएगी। ये ख़्वाहिश मेरे सीने में बोझ बन कर बैठ गई है। क्यों न उस को हल्का कर दूँ..... दफ़्तर में।

उस को सहन में बच्चे का कमोड नज़र आया। यूं सहन में कमोड रखना सख़्त बदतमीज़ी थी और ख़ुसूसन उस वक़्त जब कि वो नाश्ता कर चुका था और ख़ुशबूदार कुरकुरे तोस और तले हूए अंडों का ज़ायक़ा अभी तक उसके मुँह में था..... उस ने ज़ोर से आवाज़ दी “ग़ुलाम मुहम्मद।”

क़ासिम की बीवी जो अभी तक नाश्ता कर रही थी बोली। “ग़ुलाम मुहम्मद बाहर गोश्त लेने गया है..... कोई काम था आप को उस से?”

एक सैकेण्ड के अंदर अंदर क़ासिम के दिमाग़ में बहुत सी बातें आएं कह दूं, ये ग़ुलाम मुहम्मद उल्लु का पट्ठा है..... और ये कह कर जल्दी से बाहर निकल जाऊं..... नहीं..... वो ख़ुद तो मौजूद ही नहीं, फिर..... बिलकुल बेकार है..... लेकिन सवाल ये है कि बिचारे ग़ुलाम मुहम्मद ही को क्यों निशाना बनाया जाये। उस को तो मैं हरवक़्त उल्लु का पट्ठा कह सकता हूँ.....

क़ासिम ने अध जला सिगरेट गिरा दिया और बीवी से कहा। “कुछ नहीं मैं उस से ये कहना चाहता था कि दफ़्तर में मेरा खाना बेशक डेढ़ बजे ले आया करे..... तुम्हें खाना जल्दी भेजने में बहुत तकलीफ़ करना पड़ती है।” ये कहते हुए उस ने बीवी की तरफ़ देखा। जो फ़र्श पर इस के गिराए हुए सिगरेट को देख रही थी। क़ासिम को फ़ौरन अपनी ग़लती का एहसास हुआ। ये सिगरेट अगर बुझ गया और यहां पड़ा रहा तो इस का बच्चा रेंगता रेंगता आएगा और उसे उठा कर मुँह में डाल लेगा। जिस का नतीजा ये होगा कि इस के पेट में गड़बड़ मच जाएगी। क़ासिम ने सिगरेट का टुकड़ा उठा कर ग़ुसलख़ाने की मोरी में फेंक दिया। ये भी अच्छा हुआ कि मैंने जज़्बात से मग़्लूब हो कर ग़ुलाम मुहम्मद को उल्लु का पट्ठा नहीं कह दिया। उस से अगर एक ग़लती हुई है तो अभी अभी मुझ से भी तो हूई थी और मैं समझता हूँ कि मेरी ग़लती ज़्यादा शदीद थी.....

क़ासिम बड़ा सहीहुद्दिमाग़ आदमी था उसे इस बात का एहसास था कि वो सही ख़ुतूत पर ग़ौर-ओ-फ़िक्र करने वाला इंसान है। मगर इस एहसास ने उस के अंदर बरतरी का ख़याल कभी पैदा नहीं किया था। यहां पर फिर उसकी सहीहुद्दिमाग़ी को दख़ल था कि वो एहसास-ए-बरतरी को अपने अंदर दबा दिया करता था।

मोरी में सिगरेट का टुकड़ा फेंकने के बाद उस ने बिला ज़रूरत सहन में टहलना शुरू कर दिया। वो दरअसल कुछ देर के लिए बिलकुल ख़ालीउज़्ज़ेहन होगया था।

उस की बीवी नाश्ता का आख़िरी तोस खा चुकी थी। क़ासिम को यूं टहलते देख कर वो उस के पास आई और कहने लगी। “क्या सोच रहे हैं आप।”

क़ासिम चौंक पड़ा। “कुछ नहीं.......... कुछ नहीं.......... दफ़्तर का वक़्त होगया क्या?” ये लफ़्ज़ उस की ज़बान से निकले और दिमाग़ में वही उल्लु का पट्ठा कहने की ख़्वाहिश तड़पने लगी।

उस के जी में आई कि बीवी से साफ़ साफ़ कह दे कि ये अजीब-ओ-ग़रीब ख़्वाहिश उस के दिल में पैदा होगई है जिस का सर है न पैर, बीवी ज़रूर सुनेगी और ये भी ज़ाहिर है कि उस को बीवी का साथ देना पड़ेगा, चुनांचे यूं हंसी हंसी में उल्लु का पट्ठा कहने की ख़्वाहिश इस के दिमाग़ से निकल जाएगी। मगर उस ने ग़ौर किया। इस में कोई शक नहीं कि बीवी हंसेगी और मैं ख़ुद भी हंसूंगा। लेकिन ऐसा न हो कि ये बात मुस्तक़िल मज़ाक़ बन जाये.......... ऐसा हो सकता है..... हो सकता है क्या, ज़रूर हो जाएगा। और बहुत मुम्किन है कि अंजाम कार ना-ख़ुश-गवारी पैदा हो, चुनांचे उस ने अपनी बीवी से कुछ न कहा और एक लम्हा तक उस की तरफ़ यूंही देखता रहा।

बीवी ने बच्चे का कमोड उठा कर कोने में रख दिया और कहा। “आज सुबह आप के बरखु़र्दार ने वो सताया है कि अल्लाह की पनाह.......... बड़ी मुश्किलों के बाद मैंने उसे कमोड पर बिठाया। उस की मर्ज़ी ये थी कि बिस्तर ही को ख़राब करे..... आख़िर लड़का किस का है?..... ”

क़ासिम को इस क़िस्म की चख़ पसंद थी। ऐसी बातों में वो तीखे मज़ाह की झलक देखता था। मुस्कुरा कर उस ने बीवी से कहा। “लड़का मेरा ही है मगर.......... मैंने तो आज तक कभी बिस्तर ख़राब नहीं किया। ये आदत उस की अपनी होगी।”

बीवी ने उस की बात का मतलब न समझा। क़ासिम को मुतलक़न अफ़सोस न हुआ, इस लिए कि ऐसी बातें वो सिर्फ़ अपने मुँह का ज़ायक़ा दुरसत रखने के लिए किया करता था। वो और भी ख़ुश हुआ जब उस की बीवी ने जवाब ना दिया और ख़ामोश होगई।

“अच्छा, भई मैं अब चलता हूँ। ख़ुदा हाफ़िज़!”

ये लफ़्ज़ जो हर रोज़ उस के मुँह से निकलते थे आज भी अपनी पुरानी आसानी के साथ निकले और क़ासिम दरवाज़ा खोल कर बाहर चल दिया।

कश्मीरी गेट से निकल कर जब वो निकल्सन पार्क के पास से गुज़र रहा था तो उसे एक दाढ़ी वाला आदमी नज़र आया। एक हाथ में खुली हुई शलवार थामे वो दूसरे हाथ से इस्तिंजा कर रहा था। उसको देख कर क़ासिम के दिल में फिर उल्लु का पट्ठा कहने की ख़्वाहिश पैदा हुई। लो भई, ये आदमी है जिस को उल्लु का पट्ठा कह देना चाहिए यानी जो सही माअनों में उल्लु का पट्ठा है.......... ज़रा अंदाज़ मुलाहिज़ा हो..... किस इन्हिमाक से ड्राई कलीन किए जा रहा है..... जैसे कोई बहुत अहम काम सरअंजाम पा रहा है..... लानत है।

लेकिन क़ासिम सहीहुद्दिमाग़ आदमी था। उस ने ताजील से काम न लिया और थोड़ी देर ग़ौर किया। मैं इस फुटपाथ पर जा रहा हूँ और वो दूसरे फुटपाथ पर, अगर मैंने बुलंद आवाज़ में भी उस को उल्लु का पट्ठा कहा तो वो चोंकेगा नहीं। इस लिए कि कमबख़्त अपने काम में बहुत बुरी तरह मसरूफ़ है। चाहिए तो ये कि उस के कान के पास ज़ोर से नारा बुलंद किया जाये और जब वो चौंक उठे तो उसे बड़े शरीफ़ाना तौर पर समझाया जाये, क़िबला आप उल्लु के पट्ठे हैं..... लेकिन इस तरह भी ख़ातिर-ख़्वाह नतीजा बरामद न होगा।

चुनांचे क़ासिम ने अपना इरादा तर्क कर दिया।

इसी अस्ना में उस के पीछे से एक साईकल नुमूदार हूई। कॉलिज की एक लड़की इस पर सवार थी। इस लिए कि पीछे बस्ता बंधा था। आना फ़ानन उस लड़की की साड़ी फ़्री व्हेल के दाँतों में फंसी, लड़की ने घबरा कर अगले पहीए का ब्रेक दबाया। एक दम साईकल बेक़ाबू हूई और एक झटके के साथ लड़की साईकल समेत सड़क पर गिर पड़ी।

क़ासिम ने आगे बढ़ कर लड़की को उठाने में उजलत से काम न लिया। इस लिए कि उस ने हादिसा के रद्दे अमल पर ग़ौर करना शुरू कर दिया था मगर जब उस ने देखा कि लड़की की साड़ी फ़्री व्हील के दाँतों ने चबा डाली है और उस का बोर्डर बहुत बरी तरह उन में उलझ गया है तो वो तेज़ी से आगे बढ़ा। लड़की की तरफ़ देखे बग़ैर उस ने साईकल का पिछला पहिया ज़रा ऊंचा उठाया ताकि उसे घुमा कर साड़ी को व्हील के दाँतों में से निकाल ले। इत्तिफ़ाक़ ऐसा हुआ कि पहिया घुमाने से साड़ी कुछ इस तरह तारों की लपेट में आई कि इधर पेटीकोट की गिरिफ़त से बाहर निकल आई। क़ासिम बौखला गया। उस की इस बौखलाहट ने लड़की को बहुत ज़्यादा परेशान कर दिया। ज़ोर से उस ने साड़ी को अपनी तरफ़ खींचा। फ़्री व्हील के दाँतों में एक टुकड़ा उड़ा रह गया और साड़ी बाहर निकल आई।

लड़की का रंग लाल हो गया। क़ासिम की तरफ़ इस ने ग़ज़बनाक निगाहों से देखा और भिंचे हुए लहजा में कहा। “उल्लु का पट्ठा।”

मुम्किन है कुछ देर लगी हो मगर क़ासिम ने ऐसा महसूस किया कि लड़की ने झटपट न जाने अपनी साड़ी को क्या क्या। और एक दम साईकल पर सवार हो कर ये जा वो जा, नज़रों से ग़ायब होगई।

क़ासिम को लड़की की गाली सुन कर बहुत दुख हुआ ख़ासकर इस लिए कि वो यही गाली ख़ुद किसी को देना चाहता था। मगर वो बहुत सहीहुद्दिमाग़ आदमी था। ठंडे दिल से उस ने हादिसा पर ग़ौर किया और उस लड़की को माफ़ कर दिया। उस को माफ़ ही करना पड़ेगा। इस लिए कि इस के सिवा और कोई चारा ही नहीं। औरतों को समझना बहुत मुश्किल काम है और उन औरतों को समझना तो और भी मुश्किल हो जाता है जो साईकल पर से गिरी हूई हों लेकिन मेरी समझ में ये नहीं आता कि उस ने अपनी लंबी जुराब में ऊपर रान के पास तीन चार काग़ज़ क्यों उड़िस रखे थे

(1941)

Saadat Hasan Manto
About the poet

Saadat Hasan Manto

Saadat Hasan Manto (/mɑːn, -tɒ/; Urdu: سعادت حسن منٹو‎, pronounced [səˈaːd̪ət̪ ˈɦəsən ˈməɳʈoː]; 11 May 1912 – 18 January 1955) was a Pakistani writer, playwright and author born in Ludhiana, British India. Writing mainly in the Urdu language, he produced 22 c…

View profile & all 27 Poems / Stories

More from Saadat Hasan Manto

1. ज़माने के जिस दौर से हम गुज़र रहे हैं...

ज़माने के जिस दौर से हम गुज़र रहे हैं, अगर आप उससे वाकिफ़ नहीं हैं तो मेरे अफसाने पढ़िये और अगर आप इन अफसानों को बरदाश्त नहीं कर सकते तो इसका मतलब है कि ज़माना नाक़ाबिले-बरदाश्त है। मेरी तहरीर(लेखन) में कोई नुक़्स नहीं । जिस नुक़्स को मेरे नाम से मनसूब किया जाता है, वह दरअसल मौजूदा निज़ाम का एक नुक़्स है। मैं हंगामा-पसन्द नहीं हूं और लोगों के ख्यालात में हैज़ान पैदा करना नहीं चाहता। मैं तहज़ीब, तमद्दुन, और सोसाइटी की चोली क्या उतारुंगा, जो है ही नंगी। मैं उसे कपड़े पहनाने की कोशिश भी नहीं करता, क्योंकि यह मेरा काम नहीं, दर्ज़ियों का काम है ।

21.4K reads
2. 1919 की एक बात

ये 1919 ईस्वी की बात है, भाईजान, जब रौलेट ऐक्ट के ख़िलाफ़ सारे पंजाब में एजीटेशन हो रहा था। मैं अमृतसर की बात कर रहा हूँ। सर माईकल ओडवायर ने डिफ़ेन्स ऑफ़ इण्डिया रूल्ज़ के मातहत गांधी जी का दाख़िला पंजाब में बन्द कर दिया था। वो इधर आ रहे थे कि पलवाल के मुक़ाम पर उनको रोक लिया गया और गिरफ़्तार करके वापस बम्बई भेज दिया गया। जहाँ तक में समझता हूँ, भाईजान, अगर अँग्रेज़ ये ग़लती न करता तो जलियाँवाला बाग़ का हादसा उस की हुक्मरानी की स्याह तारीख़ में ऐसे ख़ूनीं वर्क़ का इज़ाफ़ा कभी न करता।
क्या मुसलमान, क्या हिन्दू, क्या सिख, सब के दिल में गांधी जी की बेहद इज़्ज़त थी। सब उन्हें महात्मा मानते थे। जब उन की गिरफ़्तारी की ख़बर लाहौर पहुँची तो सारा कारोबार एकदम बन्द हो गया। यहाँ से अमृतसर वालों को मालूम हुआ, चुनाँचे यूँ चुटकियों में मुकम्मल हड़ताल हो गई।
कहते हैं कि नौ अप्रैल की शाम को डाक्टर सत्यपाल और डाक्टर किचलू की ज़िलावतनी के आर्डर डिप्टी कमिशनर को मिल गए थे। वो उन की तामील के लिए तैयार नहीं था क्योंकि उसके ख़्याल के मुताबिक़ अमृतसर में किसी हैजान-ख़ेज बात का ख़तरा नहीं था। लोग पुरअम्न तरीक़े से एहितजाजी जलसे वग़ैरा करते थे। जिनसे तशद्दुद का सवाल ही पैदा नहीं होता था। मैं अपनी आँखों देखा हाल बयान करता हूँ। नौ को रामनवमी थी।। जलूस निकला मगर मजाल है जो किसी ने हुक्काम की मर्ज़ी के ख़िलाफ़ एक क़दम उठाया हो, लेकिन भाईजान, सर माईकल अजब औंधी खोपड़ी का इनसान था। उस ने डिप्टी कमिशनर की एक ना सुनी। उस पर, बस, यही ख़ौफ़ सवार था कि ये लीडर महात्मा गांधी के इशारे पर सामराज का तख़्ता उलटने के दर पे हैं और जो हड़तालें हो रही हैं और जलसे मुनअक़िद होते हैं उनके पस-ए-पर्दा यही साज़िश काम कर रही है।
डाक्टर किचलू और डाक्टर सत्यपाल की ज़िलावतनी की ख़बर आनन-फ़ानन शहर में आग की तरह फैल गई। दिल हर शख़्स का मुकद्दर था। हर वक़्त धड़का-सा लगा रहता था कि कोई बहुत बड़ा हादिसा बरपा होने वाला है, लेकिन, भाईजान, जोश बहुत ज़्यादा था। कारोबार बन्द थे। शहर क़ब्रिस्तान बना हुआ था, पर इस क़ब्रिस्तान की ख़ामोशी में भी एक शोर था। जब डाक्टर किचलू और सत्यपाल की गिरफ़्तारी की ख़बर आई तो लोग हज़ारों की तादाद में इकट्ठे हुए कि मिलकर डिप्टी कमिशनर बहादुर के पास जाएँ और अपने महबूब लीडरों की जिलावतनी के अहकाम मंसूख़ कराने की दरख़ास्त करें। मगर वो ज़माना, भाईजान, दरख़ास्तें सुनने का नहीं था। सर माईकल जैसा फ़िरऔन हाकिम-ए-आला था। उसने दरख़ास्त सुनना तो कुजा लोगों के इस इजतिमा ही को ग़ैरक़ानूनी क़रार दिया।
अमृतसर.......वो अमृतसर जो कभी आज़ादी की तहरीक का सब से बड़ा मर्कज़ था, जिस के सीने पर जलियाँवाला बाग़ जैसा क़ाबिल-ए-फ़ख़्रज़ख़्म था, आज किस हालत में है?.......लेकिन छोड़िए इस क़िस्से को। दिल को बहुत दुख होता है। लोग कहते हैं कि इस मुक़द्दस शहर में जो कुछ आज से पाँच बरस पहले हुआ उस के ज़िम्मेदार भी अँग्रेज़ हैं। होगा भाईजान, पर सच्च पूछिए तो इस लहू में, जो वहाँ बहा है, हमारे अपने ही हाथ रंगे हुए नज़र आते हैं। ख़ैर !.......
डिप्टी कमिशनर साहब का बंगला सिविल लाइन्स में था। हर बड़ा अफ़सर और हर बड़ा टोडी शहर के इस अलग-थलग हिस्से में रहता था.... आप ने अमृतसर देखा है तो आप को मालूम होगा कि शहर और सिविल लाइन्स को मिलाने वाला एक पुल है जिसपर से गुज़रकर आदमी ठण्डी सड़क पर पहुँचता है। जहाँ हाकिमों ने अपने लिए ये अर्ज़ी जन्नत बनाई हुई थी।
हुजूम जब हाल दरवाज़े के क़रीब पहुँचा तो मालूम हुआ कि पुल पर घुड़सवार गोरों का पहरा है। हुजूम बिलकुल न रूका और बढ़ता गया। भाईजान, मैं इसमें शामिल था। जोश कितना था, मैं बयान नहीं कर सकता, लेकिन सब निहत्थे थे। किसी के पास एक मामूली छड़ी तक भी नहीं थी। असल में वो तो सिर्फ़ इस ग़रज़ से निकले थे कि इजतिमाई तौर पर अपनी आवाज़ हाकिम-ए-शहर तक पहुँचाएँ और उस से दरख़ास्त करें कि डाक्टर किचलू और डाक्टर सत्यपाल को ग़ैर मशरूत तौर पर रिहा कर दे। हुजूम पुल की तरफ़ बढ़ता रहा। लोग क़रीब पहुँचे तो गोरों ने फ़ायर शुरू कर दिए। इससे भगदड़ मच गई। वो गिनती में सिर्फ़ बीस-पच्चीस थे और हुजूम सैंकड़ों पर मुश्तमिल था, लेकिन, भाई, गोली की दहश्त बहुत होती है। ऐसीअफ़रा-तफ़री फैली कि अलामां, कुछ गोलियों से घायल हुए और कुछ भगदड़ में ज़ख़्मी हुए।
दाएँ हाथ को गन्दा नाला था। धक्का लगा तो मैं उस में गिर पड़ा। गोलियाँ चलनी बन्द हुईं तो मैंने उठ कर देखा। हुजूम तितर बितर हो चुका था।ज़ख़्मी सड़क पर पड़े थे और पुल पर गोरे खड़े हँस रहे थे। भाईजान, मुझे क़तई याद नहीं कि उस वक़्त मेरी दिमाग़ी हालत किस क़िस्म की थी।मेरा ख़्याल है कि मेरे होश-ओ-हवास पूरी तरह सलामत नहीं थे। गन्दे नाले में गिरते वक़्त तो मुझे कतई होश नहीं था। जब बाहर निकला तो जो हादिसा वक़ूअ पज़ीर हुआ था, उस के ख़द्द-ओ-ख़ाल आहिस्ता-आहिस्ता दिमाग़ में उभरने शुरू हुए।
दूर शोर की आवाज़ सुनाई दे रही थी, जैसे बहुत से लोग ग़ुस्से में चीख़-चिल्ला रहे हैं। मैं गंदा नाला उबूर करके ज़ाहिरा पीर के तकिए से होता हुआ हाल दरवाज़े के पास पहुँचा तो देखा कि तीस चालीस नौजवान जोश में भरे पत्थर उठा-उठा कर दरवाज़े के घड़ियाल पर मार रहे हैं। उस का शीशा टूट कर सड़क पर गिरा तो एक लड़के ने बाकियों से कहा — चलो.... मलिका का बुत तोड़ें!
दूसरे ने कहा — नहीं यार.... कोतवाली को आग लगाएँ!
तीसरे ने कहा — और सारे बैंकों को भी!
चौथे ने उन को रोका — ठहरो.... इस से क्या फ़ायदा... चलो पुल पर उन लोगों को मारें।
मैंने उस को पहचान लिया। ये थैला कंजर था.... नाम मोहम्मद तुफ़ैल था, मगर थैला कंजर के नाम से मशहूर था। इस लिए कि एक तवाइफ़ के बतन से था। बड़ा आवारागर्द था। छोटी उम्र ही में उस को जोय और शराबनोशी की लत पड़ गई थी। इस की दो बहनें शमशाद और अलमास अपने वक़्त की हसीन-तरीन तवाइफ़ें थीं। शमशाद का गला बहुत अच्छा था। उस का मुजरा सुनने के लिए रईस बड़ी-बड़ी दूर से आते थे। दोनोंअपने भाई के करतूतों से बहुत नालाँ थीं। शहर में मशहूर था कि उन्होंने एक क़िस्म का उस को आक़ कर रखा है। फिर भी वो किसी न किसी हीले अपनी ज़रूरीयात के लिए उन से कुछ न कुछ वसूल कर ही लेता था। वैसे वो बहुत ख़ुशपोश रहता था। अच्छा खाता था, अच्छा पीता था। बड़ा नफ़ासत-पसन्द था। हँसोड़पन और लतीफ़ागोई मिज़ाज में कूट-कूट के भरी थी। मीरासियों और भाण्डों के सोक़यानापन से बहुत दूर रहता था।लम्बा क़द, भरे-भरे हाथ-पाँव, मज़बूत कसरती बदन। नाक नक़्शे का भी ख़ासा था।
पुरजोश लड़कों ने उस की बात न सुनी और मलिका के बुत की तरफ़ चलने लगे। उस ने फिर उनसे कहा — मैंने कहा मत ज़ाए करो अपना जोश। इधर आओ मेरे साथ.... चलो उन को मारें, जिन्होंने हमारे बेक़सूर आदमियों की जान ली है और उन्हें ज़ख़्मी किया है..... ख़ुदा की क़सम, हम सब मिलकर उनकी गर्दन मरोड़ सकते हैं... चलो!
कुछ लड़के रवाना हो चुके थे। बाक़ी रुक गए। थैला पुल की तरफ़ बढ़ा तो वे सब उस के पीछे चलने लगे। मैंने सोचा कि माँओं के ये लाल बेकार मौत के मुँह में जा रहे हैं। मैं फव्वारे के पास दुबका खड़ा था। वहीं से मैंने थैले को आवाज़ दी और कहा — मत जाओ यार... क्यों अपनी और उनकी जान के पीछे पड़े हो।
थैले ने यह सुनकर एक अजीब-सा क़हक़हा बुलन्द किया और मुझ से कहा — थैला सिर्फ़ ये बताने चला है कि वो गोलियों से डरने वाला नहीं। फिर वो अपने साथियों से मुख़ातिब हुआ — तुम डरते हो तो वापस जा सकते हो।
ऐसे मौक़ों पर बढ़े हुए क़दम उल्टे कैसे हो सकते हैं। और फिर वो भी उस वक़्त जब लीडर अपनी जान हथेली पर रख कर आगे-आगे जा रहा हो।थैले ने क़दम तेज़ किए तो उसके साथियों को भी करने पड़े।
हाल दरवाज़े से पुल का फ़ासला कुछ ज़्यादा नहीं.... होगा कोई साठ-सत्तर गज़ के क़रीब.... थैला सब से आगे-आगे था। जहाँ से पुल का दोरौया मुतवाज़ी जंगला शुरू होता है, वहाँ से पन्द्रह- बीस क़दम के फ़ासले पर दो घुड़सवार गोरे खड़े थे। थैला नारे लगाता जब बंगले के आग़ाज़ के पास पहुँचा तो फ़ायर हुआ, मैं समझा कि वो गिर पड़ा है... लेकिन देखा कि वो उसी तरह.... ज़िन्दा आगे बढ़ रहा है। उसके बाक़ी साथी डर के भाग उठे हैं। मुड़कर उसने पीछे देखा और चिल्लाया — भागो नहीं.... आओ!
उस का मुँह मेरी तरफ़ था कि एक और फ़ायर हुआ। पलट कर उसने गोरों की तरफ़ देखा और पीठ पर हाथ फेरा... भाईजान, नज़र तो मुझे कुछ नहीं आना चाहिए था, मगर मैंने देखा कि उस की सफ़ेद बोसकी की क़मीज़ पर लाल-लाल धब्बे थे.... वो और तेज़ी से बढ़ा, जैसे ज़ख़्मी शेर... एक और फ़ायर हुआ। वो लड़खड़ाया मगर एकदम क़दम मज़बूत करके वो घुड़सवार गोरे पर लपका और एकाएक न जाने क्या हुआ.... घोड़े की पीठ ख़ाली थी। गोरा ज़मीन पर था और थैला उस के ऊपर.... दूसरे गोरे ने, जो क़रीब था और पहले बौखला गया था, बिदकते हुए घोड़े को रोका और धड़ाधड़ फ़ायर शुरू कर दिए.... इस के बाद जो कुछ हुआ मुझे मालूम नहीं। मैं वहाँ फव्वारे के पास बेहोश हो कर गिर पड़ा।
भाईजान, जब मुझे होश आया तो में अपने घर में था। चन्द पहचान केआदमी मुझे वहाँ से उठा लाए थे। उन की ज़बानी मालूम हुआ कि पुल पर से गोलियाँ खाकर हुजूम उग्र हो गया था। नतीजा इसका ये हुआ कि मलिका के बुत को तोड़ने की कोशिश की गई। टाउन हाल और तीन बैंकों को आग लगी और पाँच या छह यूरोपियन मारे गए। ख़ूब लूट मची।
लूट-खसोट का अँग्रेज़ अफ़सरों को इतना ख़याल नहीं था। पाँच या छःयूरोपियन हलाक हुए थे। इस का बदला लेने के लिए ही जलियाँवाला बाग़ का ख़ूनीं हादिसा हुआ। डिप्टी कमिशनर बहादुर ने शहर की बागडोर जनरल डावर के सपुर्द कर दी। चुनांचे जनरल साहिब ने बारह अप्रैल को फ़ौजियों के साथ शहर के मुख़्तलिफ़ बाज़ारों में मार्च किया और दर्जनों बेगुनाह आदमी गिरफ़्तार किए। तेरह को जलियाँवाला बाग़ में जलसा हुआ। क़रीब-क़रीब पच्चीस हज़ार का मजमा था। शाम के क़रीब जनरल डावर मुसल्लह गोरों और सिखों के साथ वहाँ पहुँचा और निहत्थे आदमियों पर गोलियों की बारिश शुरू कर दी।
उस वक़्त तो किसी को इसका ठीक-ठीक अन्दाज़ा नहीं था कि कितने आदमी मारे गए हैं। लेकिन बाद में जब जाँच हुई तो पता चला कि एक हज़ार हलाक हुए हैं और तीन या चार हज़ार के क़रीब ज़ख़्मी.... लेकिन मैं थैले की बात कर रहा था...। भाईजान, आँखों देखी आप को बता चुका हूँ... बे-ऐब ज़ात ख़ुदा की है। मरहूम में चारों ऐब शरई थे। एक पेशा तवाइफ़ के बतन से था मगर जियाला था.... मैं अब यक़ीन के साथ कह सकता हूँ कि इस मलऊन गोरे की पहली गोली भी उस को लगी थी। आवाज़ सुन कर उस ने जब पलटकर अपने साथियों की तरफ़ देखा था, और उन्हें हौसला दिलाया था, तब जोश की हालत में उस को मालूम नहीं हुआ था कि उसकी छाती में गर्म-गर्म सीसा उतर चुका है। दूसरी गोली उस की पीठ में लगी। तीसरी फिर सीने में.... मैंने देखा नहीं, पर सुना है जब थैले की लाश गोरे से जुदा की गई तो उसके दोनों हाथ उस की गर्दन में इस बुरी तरह से पैवस्त थे कि अलहदा ही नहीं होते थे.... गोरा तब जहन्नुम में जा चुका था...।
दूसरे रोज़, जब थैले की लाश कफ़न-दफ़न के लिए उस के घर वालों के सुपुर्द की गई तो उसका बदन गोलियों से छलनी हो रहा था.... दूसरे गोरे ने तो अपना पूरा पिस्तौल ही उस पर ख़ाली कर दिया था... मेरा ख़याल है, उस वक़्त मरहूम की रूह क़फ़स-ए-उंसुरी से परवाज़ कर चुकी थी। इस शैतान के बच्चे ने सिर्फ़ उस के मुर्दा जिस्म पर चाँदमारी की थी।
कहते हैं, जब थैले की लाश मुहल्ले में पहुँची तो कुहराम मच गया। अपनी बिरादरी में वो इतना मक़बूल नहीं था, लेकिन उस की क़ीमा-क़ीमा लाश देखकर सब धाड़ें मार-मार कर रोने लगे। उस की बहनें शमशाद और अलमास तो बेहोश हो गईं। जब जनाज़ा उठा तो इन दोनों ने ऐसे बीन किए कि सुनने वाले लहू के आँसू रोते रहे।
भाईजान, मैंने कहीं पढ़ा था कि फ़्राँस के इन्क़लाब में पहली गोली वहाँ की एक टखयाई को लगी थी। मरहूम मुहम्मद तुफ़ैल एक तवाइफ़ का लड़का था। इन्क़लाब की इस जद्द-ओ-जहद में उसको जो पहली गोली लगी थी, दसवीं थी या पचासवीं। इस के मुताल्लिक़ किसी ने भी तहक़ीक़ नहीं की। शायद इसलिए कि सोसाइटी में इस ग़रीब का कोई रुतबा नहीं था। मैं तो समझता हूँ कि पंजाब के इस ख़ूनीं ग़ुसल में नहाने वालों की फ़हरिस्त में थैले कंजर का नाम-ओ-निशान तक भी नहीं होगा... और ये भी कोई पता नहीं कि ऐसी कोई फ़हरिस्त तैयार भी हुई थी।
सख़्त हंगामी दिन थे। फ़ौजी हुकूमत का दौर-दौरा था। वो देव, जिसे मार्शल लॉ कहते हैं, शहर के गली-गली कूचे-कूचे में डकारता फिरता था। बहुत अफ़रा-तफ़री के आलम में उस ग़रीब को जल्दी-जल्दी यूँ दफ़न किया गया, जैसे उसकी मौत उसके सोगवार अज़ीज़ों का एक संगीन जुर्म थी जिसके निशानात वो मिटा देना चाहते थे।
बस भाईजान, थैला मर गया। थैला दफ़ना दिया गया और.... और ये कहकर मेरा हमसफ़र पहली मर्तबा कुछ कहते-कहते रुका और ख़ामोश हो गया। ट्रेन दनदनाती हुई जा रही थी। पटरियों की खटाखट ने ये कहना शुरू कर दिया। थैला मर गया... थैला दफ़ना दिया गया.... थैला मर गया.... थैला दफ़ना दिया गया। इस मरने और दफ़नाने के दरमयान कोई फ़ासला नहीं था, जैसे वो इधर मरा और उधर दफ़ना दिया गया। और खट-खट के साथ इन अलफ़ाज़ की हम-आहंगी कुछ इस क़दर जज़्बात से आरी थी कि मुझे अपने दिमाग़ से इन दोनों को जुदा करना पड़ा। चुनाँचे मैंने अपने हम-सफ़र से कहा — आप कुछ और भी सुनाने वाले थे?
चौंक कर उस ने मेरी तरफ़ देखा और बोला — जी हाँ.... इस दास्तान का एक अफ़सोसनाक हिस्सा बाक़ी है।
मैंने पूछा — वह क्या?
उस ने कहना शुरू किया — मैं आप से अर्ज़ कर चुका हूँ कि थैले की दो बहनें थीं। शमशाद और अलमास। बहुत ख़ूबसूरत थीं। शमशाद लम्बी थी।पतले-पतले नक़्श। ग़लाफ़ी आँखें। ठुमरी बहुत ख़ूब गाती थी। सुना है, ख़ाँ साहब, फ़तह अली ख़ां से तालीम लेती रही थी। दूसरी अलमास थी। उस के गले में सुर नहीं था, लेकिन नाचने में अपना सानी नहीं रखती थी। मुजरा करती थी तो ऐसा लगता था कि इस का अंग-अंग बोल रहा है। हर भाव में एक घात होती थी.... आँखों में वो जादू था जो हर एक के सर पर चढ़ के बोलता था।
मेरे हमसफ़र ने तारीफ़-ओ-तौसीफ में कुछ ज़रूरत से ज़्यादा वक़्त लिया। मगर मैंने टोकना मुनासिब न समझा। थोड़ी देर के बाद वो ख़ुद इस लम्बे चक्कर से निकला और दास्तान के अफ़सोनाक हिस्से की तरफ़ आया — क़िस्सा यह है, भाईजान, कि इन आफ़त की परकाला दो बहनों के हुस्न-ओ-जमाल का ज़िक्र किसी ख़ुशामदी ने फ़ौजी अफ़सरों से कर दिया.... बल्वे में एक मेम.... क्या नाम था उस चुड़ैल का?मिस....मिस शेरवुड मारी गई थी.... तय ये हुआ कि उन को बुलवाया जाए और.... और.... जी भर के इंन्तकाम लिया जाए.... आप समझ गए ना, भाई जान?
मैंने कहा — जी हाँ!
मेरे हमसफ़र ने एक आह भरी — ऐसे नाज़ुक मामलों में तवाइफ़ें और कस्बियाँ भी अपनी माँएँ-बहनें होती हैं.... मगर भाईजान ये मुल्क अपनी इज़्ज़त-ओ-नामूस को, मेरा ख़्याल है, पहचानता ही नहीं। जब ऊपर से इलाक़े के थानेदार को आर्डर मिला तो वो फ़ौरन तैयार हो गया। चुनांचे वो ख़ुद शमशाद और अलमास के मकान पर गया और कहा कि साहब लोगों ने याद किया है। वो तुम्हारा मुजरा सुनना चाहते हैं... भाई की क़ब्र की मिट्टी भी अभी तक ख़ुशक नहीं हुई थी। अल्लाह को प्यारा हुए उस ग़रीब को सिर्फ़ दो दिन हुए थे कि ये हाज़िरी का हुक्म सादिर हुआ कि आओ हमारे हुज़ूर नाचो.... अज़िय्यत का इससे बढ़ कर पुर-अज़िय्यत तरीक़ा क्या हो सकता है....? मुस्तबइद तम्सख़ुर की ऐसी मिसाल, मेरा ख़्याल है, शायद ही कोई और मिल सके.... क्या हुक्म देने वालों को इतना ख़याल भी न आया कि तवाइफ़ भी ग़ैरतमन्द होती है? ....हो सकती है... क्यों नहीं हो सकती? उस ने अपने आप से सवाल किया, लेकिन मुख़ातिब वो मुझसे ही था।
मैंने कहा — हाँ, हो सकती है!
— जी हाँ ....थैला आख़िर इन का भाई था। उस ने किसी की मार ख़ाने की लड़ाई-भिड़ाई में अपनी जान नहीं दी थी। वो शराब पी कर दंगा-फ़साद करते हुए हलाक नहीं हुआ था। उसने वतन की राह में बड़े बहादुराना तरीक़े पर शहादत का जाम पिया था। वो एक तवाइफ़ के बतन से था। लेकिन वो तवाइफ़ माँ थी और शमशाद और अलमास उसी की बेटियां थीं और ये थैले की बहनें थीं.... तवाइफ़ें बाद में थीं.... और वो थैले की लाश देख कर बेहोश हो गई थीं। जब उस का जनाज़ा उठा था तो उन्होंने ऐसे बीन किए थे कि सुन कर आदमी लहू रोता था....।
मैंने पूछा — वो गईं?
मेरे हमसफ़र ने इस का जवाब थोड़े वक़फ़े के बाद उदासी से दिया — जी हाँ... जी हाँ गईं... ख़ूब सज बनकर। एक दम उसकी उदासी गहरी हो गई — सोलह सिंगार करके अपने बुलाने वालों के पास गईं.... कहते हैं कि ख़ूब महफ़िल जमी.... दोनों बहनों ने अपने जौहर दिखाए.... ज़रक़-बरक़ पिशवाज़ों में मलबूस वो कोह-ए-क़ाफ़ की परियाँ मालूम होती थीं....शराब के दौर चलते रहे और वो नाचती-गाती रहीं... ये दोनों दौर चलते रहे .... और कहते हैं कि.... रात के दो बजे एक बड़े अफ़सर के इशारे पर महफ़िल बरख़ास्त हुई...।
मेरा हमसफ़र उठ खड़ा हुआ और बाहर भागते हुए दरख़्तों को देखने लगा।पहियों और पटरियों की आहनी गड़गड़ाहट की ताल पर उसके आख़िरी दो लफ़्ज़ नाचने लगे — बरख़ास्त हुई... बरख़ास्त हुई।
मैंने अपने दिमाग़ में उन्हें, आहनी गड़गड़ाहट से नोच कर अलहदा करते हुए उससे पूछा — फिर क्या हुआ?
भागते हुए दरख़्तों और खम्भों से नज़रें हटा कर उस ने बड़े मज़बूत लहजे में कहा — उन्होंने अपनी ज़रक़-बरक़ पिशवाज़ें नोच डालें और अलिफ़ नंगी हो गईं और कहने लगीं.... लो देख लो... हम थैले की बहनें हैं.... उस शहीद की, जिसके ख़ूबसूरत जिस्म को तुमने सिर्फ़ इसलिए अपनी गोलियों से छलनी-छलनी किया था कि उसमें वतन से मोहब्बत करने वाली रूह थी... हम उसी की ख़ूबसूरत बहनें हैं... आओ, अपनी शहवत के गर्म-गर्म लोहे से हमारा ख़ुशबूओं में बसा हुआ जिस्म दागदार करो.... मगर ऐसा करने से पहले सिर्फ़ हमें एक बार अपने मुँह पर थूक लेने दो...।
यह कहकर वो ख़ामोश हो गया। कुछ इस तरह कि और नहीं बोलेगा। मैंने फ़ौरन ही पूछा — फिर क्या हुआ?
उस की आँखों में आँसू डबडबा आए — उनको.... उनको गोली से उड़ा दिया गया।
मैंने कुछ न कहा। गाड़ी आहिस्ता होकर स्टेशन पर रुकी तो उस ने क़ुली बुलाकर अपना अस्बाब उठवाया। जब जाने लगा तो मैं ने उस से कहा — आपने जो दास्तान सुनाई, इस का अंजाम मुझे आप का ख़ुदसाख़्ता मालूम होता है।
एकदम चौंककर उसने मेरी तरफ़ देखा — ये आप ने कैसे जाना?
मैंने कहा — आप के लहजे में एक नाक़ाबिल-ए-बयान कर्ब था।
मेरे हमसफ़र ने अपने हलक़ की तल्ख़ी थूक के साथ निगलते हुए कहा — जी हाँ... उन हराम..., वो गाली देते-देते रुक गया — उन्होंने अपने शहीद भाई के नाम पर बट्टा लगा दिया।
यह कहकर वो प्लेटफार्म पर उतर गया।
(11-12 अक्तूबर1951 ईस्वी)

14.7K reads
3. अक्ल दाढ़

आप मुँह सुजाये क्यों बैठे हैं?भई दाँत में दर्द हो रहा है तुम तो ख़्वाह-मख़्वाह ।

14.6K reads
4. अनार कली

नाम उस का सलीम था मगर उस के यार दोस्त उसे शहज़ादा सलीम कहते थे। ग़ालिबन इस लिए कि उस के ख़द-ओ-ख़ाल मुग़लई थे ख़ूबसूरत था। चाल ढाल से राऊनत टपकती थी।उस का बाप पीडब्ल्यू डी के दफ़्तर में मुलाज़िम था। तनख़्वाह ज़्यादा से ज़्यादा सौ रुपय होगी मगर बड़े ठाट से रहता ज़ाहिर है कि रिश्वत खाता था यही वजह है कि सलीम अच्छे से अच्छा कपड़ा पहनता जेब ख़र्च भी उस को काफ़ी मिलता इस लिए कि वो अपने वालदैन का इकलौता लड़का था।

14.0K reads
5. अंजाम-ए-नजीर

बटवारे के बाद जब फ़िर्का-वाराना फ़सादात शिद्दत इख़्तियार कर गए और जगह जगह हिंदूओं और मुस्लमानों के ख़ून से ज़मीन रंगी जाने लगी तो नसीम अख़तर जो दिल्ली की नौ-ख़ेज़ तवाइफ़ थी अपनी बूढ़ी माँ से कहा चलो माँ यहां से चलेंबूढ़ी बाइका ने अपने पोपले मुँह में पानदान से छालिया के बारीक बारीक टुकड़े डालते हुए उस से पूछा कहाँ जाऐंगे बेटा

13.4K reads

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी