स्त्रीवग्ग

ऋतुराजऋतुराज10 Sept 1940

1 min read · 12.4K reads

 

रात्रि विश्राम से पहले चलते-चलते जहाँ रुकना होगा 
वह चाहेगी कि मैं उसे पूरी कथा सुनाऊँ 

अँधेरा घिर जाने से पहले भोजन बन जाना चाहिए 
बिस्तर सजने पर पालथी मार कर बैठना होगा 
फिर कथा कहनी होगी अपने अनगिन भटकावों की 

एक दिन का पूरा वृत्तांत लोगों में छिपते हुए 
सुनाना होगा सिर्फ़ एक श्रोता स्त्री को 
कहने होंगे निद्रा से पहले वे सभी स्वप्न 
जिनमें शायद ही वह कहीं रही हो 

जेतवन में बात फैल चुकी है 
कि शास्ता थके-हारे रात्रि विश्राम के लिए रुके हैं 
और एक स्त्री को स्त्री होने का विशेषाधिकार 
मिलने वाला है 

कुटिया के बाहर भीड़ बढ़ती जा रही है 
दीपक बुझा दो देवी 
मैं अँधेरे में ही फुसफुसाते हुए 
तुम्हें मुक्तिमार्ग का ज्ञान दूँगा 
वैसे तो यह इतना नीरस उपक्रम है 
कि शायद तुम ऊँघने लगोगी 
मैं तुम्हारे दोनों कंधों का स्पर्श कर तुम्हें जगाता रहूँगा 

किसी न किसी तरह यह महारात्रि व्यतीत हो जाएगी 

ऋतुराज
About the poet

ऋतुराज

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like