अँधेरा छा जाने पर दिखाई देता है
एक छज्जा और उससे झूलती एक अधसूखी धोती
क्या अनेक व्यस्तताओं के बीच वह उसे भूल गई है
क्या छज्जे पर चाँदनी के लिए
बाल खोले रात्रि की वासक-सज्जा के वास्ते
लेकिन धोती कई जगह से फटी है
कई जगह ख़ासतौर से किनारों पर
चीकट तैलरंग में एक नई-नई रंगत
खिरते मध्यवर्ग के फ़्रेम की उभर आई है
छज्जे के नीचे गली में कोई चाँद के साथ-साथ
स्मृतियों में खोया प्रवेश करता है
खिड़कियों के पीछे कई जोड़ी आँखें
चौकन्नी हो जाती हैं
वह धोती खींचता है
और अधखुले दरवाज़े के भीतर ग़ायब हो जाता है








