कवि लोग

ऋतुराजऋतुराज10 Sept 1940

1 min read · 12.4K reads

कवि लोग बहुत लंबी उमर जीते हैं

मारे जा रहे होते हैं

फिर भी जीते हैं

कृतघ्न समय में मूर्खों और लंपटों के साथ

निभाते अपनी दोस्ती

उनके हाथों में ठूँसते अपनी किताब

कवि लोग बहुत दिनों तक हँसते हैं

चीख़ते हैं और चुप रहते हैं

लेकिन मरते नहीं हैं कमबख़्त!

कवि लोग बच्चों में चिड़ियाँ

और चिड़ियों में लड़कियाँ

और लड़कियों में फूल देखते हैं

सब देखे हुए के बीज समेटते हैं

फिर ख़ुद को उन बीजों के साथ बोते हैं

कवि लोग बीजों की तरह छिपकर

नए रूप में लौट आते हैं

फ़िलहाल उनकी नस्ल को कोई ख़तरा नहीं है

ऋतुराज
About the poet

ऋतुराज

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like