इससे पहले कि घर डूब जाए
बकरी की लाश तैरती दिखाई दे
पाँच दिनों तक खेजड़ी के पत्ते खाकर जीवित बचें
अंतिम शब्द होगा बचाओ
चारों तरफ़ से घिराव है
एक छोटी-सी दुनिया का तिल-तिल डूबना है
हर तरफ़ हरसूद है
सारा बंदोबस्त है फिर भी अंतिम शब्द होगा बचाओ
जिनके लिए सहज है जीवन
किताबों की पुश्तों पर बचे होंगे उनके नाम
भाषा बची होगी बिल्कुल साबुत पाएदार
सिर्फ़ वही आदमी डूबा होगा
जिसने अंतिम शब्द बोला होगा बचाओ








