आइसक्रीम

ऋतुराजऋतुराज10 Sept 1940

1 min read · 12.4K reads

एक दुपहर जब रोहिणी ख़ूब तप रही थी

हाँफ रही थी चिड़ियाँ

मीठे ठंडे पानी की कुंई

सोई थी पीपल के चरणों में

बिना रस्सी बाल्टी के

तब न जाने किस क़स्बे के ऊँघते बाज़ार से

वे अपने गाँव लौट रहे थे—

साइकिल के अगले पहिए की ओट में

बैठ गई थी औरत

उसका सुनहरा दीप्त चेहरा

सूर्य-किरणों जैसी पहिए की तानों से दिखाई दे रहा था

आदमी ने थैली में से निकालीं दो आइसक्रीमें

काग़ज़ में लिपटीं जिनसे बह रहा था लाल शरबत

अनिर्वचनीय सुख में दोनों कुछ देर खो गए थे

भूल गए थे कि तपती दुपहर में लंबी यात्रा है अधूरी

वे चाहते तो बाज़ार में ही खा डालते ये आइसक्रीमें

लेकिन तब इतनी निर्भयता नहीं होती

तिक्तता कंठ की जस की तस रह जाती

इस औरत के होंठ नहीं रँगे होते

धीरे-धीरे लाल-लाल

आइसक्रीमें ख़त्म हो जाने के बाद

वह ऐसी दिखाई दे रही थी

जैसे कि उसे साइकिल की ओट में

बहुत चूमा हो पति ने

सारी दुपहर पीपल की छाया

और ठंडी कुंई की साक्षी में

ऋतुराज
About the poet

ऋतुराज

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like