एक नौजवान लोकल ट्रेन की भीड़ से
धक्कामुक्की कर उतरता है
राह अटकाते एक बूढ़े को
जोर से 'हट्ट' की डाँट लगाता है
घूरता है क्षण भर और निकल जाता है
अपनी ग़ुस्सैल गति में
बूढ़ा ट्रेन से उतरते हुए टूट गए
अपने बाएँ पैर के चप्पल के फीते को
झुककर मरम्मत करने की कोशिश करता है
कंधे पर उठाता है अपना बोझ
पैर को घसीटता फिर चल पड़ता है
मेरा मन उसके साथ ही निकल पड़ता है
अजीब बात है कि
जिस नौजवान पर मुझे ग़ुस्सा आता है
उसका चेहरा मेरे ही जैसा है।








