कवि-श्री

R.C. Prasad SinghR.C. Prasad Singh19 Aug 1911 – 15 Nov 1996

3 min read · 13.0K reads


आया बन जग में प्रातः रविः
मैं भारत-भाग्य विधाता कवि !

तोड़ता अलस जग-जाल जटिल;
सुकुमार, स्नेह-धारा-उर्म्मिल !
मैं पुरुष-पुरातन, प्रेम-दान;
चिर-कविर्मनीषी, सृष्टि-प्रान !!
बरसाती लौह-लेखनी पवि;
मैं विद्रोही इठलाता कवि !

सुर-तरु-सा कर सौरभ-प्रसार
सौंदर्य-पिपासा कुल, उदार;
शाश्वत, अनंत, अच्युत, अक्षर;
मैं चिर-अनादि, अतुलित, निर्जर !
सिकता पर अंकित करता छवि,
मैं नवयुग का निर्माता कवि !

छंदों में बाँध मरुत, सागर;
नाचता नित्य मैं नट-नागर !
शशि, उडु, ग्रह क्रम-क्रम से सभ्रम
करते मानस में संचक्रम !
प्राणों की अपने देता हवि;
मैं भारत-भाग्य विधाता कवि !

आँधी-सी मेरी गति अशांत;
मैं कुवलय-कोमल, कुमुद-कांत !
विग्रह, विनाश, मूर्च्छा, प्रमाद;
मैं अमृत-कल्पना, विष-विषाद !
उद्भासित, शाशित दिग्दिगंत
मेरी प्रतिभा से शुचि-ज्वलंत !!
आक्रांत कर रही प्रांत-प्रांत;
आँधी-सी मेरी गति अशांत !

मैं प्रलय-प्रभंजन, शुभ मुहूर्त;
मंगल, मराल-वाहन, अमूर्त्त !
मैं धूम-ध्वज, मैं मकर केतु,
आकाश विहारी, सिंधु सेतु !!
मैं निष्ठुर, निर्भय, मदोन्भ्रांत;
प्रतिभा से मेरी नभाक्रांत !

उद्धत, अनियंत्रित, महावीर;
सुमनाधिराज मैं सुनाशीर !
युग-युग प्रसिद्ध, युग-युग प्रशस्त;
मैं अमर-वाक् कवि वरद-हस्त !!
चीत्कार-चकित, निर्द्वंद्व, भ्रांत;
मैं आँधी, झंझारव अशांत !

.... .... ....

मैं निरुपम कवि प्रिय, निर्विकार
पाटल-पलाश-पेलव, कुमार !

सुख-दुख-स्वप्न-सस्मित, विभोर
रहता मैं चिर-शिशु, चिर-किशोर
मृग-सा कस्तूरी गंध-अंध
फिरता वन-वन में मैं अबंध !!
वाणी नन्दित मंदार हार
मैं विश्व-विमोहन कलाकार !

भावों का बहता जब समीर
आता नयनों में छलक नीर
मैं अपने गीतों से अधीर
गुंजित कर देता वन-कुटीर !
इस भवतोयधि-जाप मेंअपार
मैं नाविक कवि, निरुपम, उदार !
मैं चिर-सुंदर, चिर-मधु अनंत
मधुमत्त मधुव्रत्त, मधु वसंत !
यौवन मकर्ष, उन्माद-हर्ष !!
पारस-सा मेरा स्वर्ण स्पर्श !
मैं जगद्वंद्व, जग-मुक्ति-द्वार
कवि चिदानंद, उज्ज्वल, उदार !

R.C. Prasad Singh
About the poet

R.C. Prasad Singh

मैथिली और हिन्दी के महाकवि आरसी प्रसाद सिंह (१९ अगस्त १९११ - नवम्बर १९९६) रूप, यौवन और प्रेम के कवि के रूप में विख्यात थे। रचित कवितायेँ •माटिक दीप (mETilIमैथिली काव्य संग्रह) •पूजाक फूल (मैथिली काव्य संग्रह) •सूर्यमुखी (मैथिली काव्य संग्रह) (साहित्य अकादमी प…

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like