बाबू! औरत होना पाप है पाप - रवीन्द्र प्रभात

Ravindra PrabhatRavindra Prabhat5 Apr 1969

1 min read · 12.6K reads

सालों बाद देखा है
धनपतिया को आज
धूप की तमतमाहट से कहीं ज्यादा

उग्र तेवर में
भीतर-भीतर धुआँती
जीवन के एक महासमर के लिए तैयार ।
महज दो-तीन सालों में
कितना बदल गई है वह

भड़कीले चटख रंगों की साडी में भी
अब नहीं दमकता उसका गोरा रंग
बर्फ़ के गोले की तरह
हो चले हैं बाल
और झुर्रियाँ
मरुस्थल के समान बेतरतीब ।

पहले-
बसंत के नव-विकसित पीताभ
नरगिस के फूलों की तरह
निर्मल दिखती थी धनपतिया
हहास बांधकर दौड़ती
बागमती की तरह अल्हड़

आसमानी रंग की साडी में
उमगती जब कभी
पास आती थी
बेंध जाती थी देह का पोर-पोर
अपनी शरारती चितवन से ।

अब पूछने पर
कहती है धनपतिया-
बाबू !
औरत होना पाप है पाप....

कहते-कहते लाल हो जाता है चेहरा
तन आती है नसें
और आँचल में मुँह छुपाकर
बिफ़रने लगती है वह
नारी के धैर्य की
टूटती सीमाओं के भीतर
आकार ले रही
रणचंडी की तरह !

Ravindra Prabhat
About the poet

Ravindra Prabhat

Ravindra Prabhat (born 5 April 1969) is a Hindi novelist, journalist, poet, and short story writer from India. He has worked as an editor and screen play writer. Some of his works have been translated into other languages and published in various literary mag…

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like