माँ
तेरे आँचल के सारे फूल चुने मैं ने
माँ तेरे कंगन के सारे गीत सुने मैं ने
माँ अपनी पलकों पर तेरे ख़्वाब बुने मैं ने
भीगी भीगी पुरवाई
या नर्म नर्म रेशम सी दुलाई
या माथे पर जगमग बूँदें
मलमल ओढ़ने वाली घड़ियाँ
माँ
हर रुत में
तेरी साँसों की वो मधुर महकार मिरी रग-रग में उतरी
माँ तेरी वो बुलबुल सी चहकार मिरी रग-रग में उतरी
नीले-पीले शो'लों पर पकती इक हांडी
गर्म तवे पर डली हुई मिस्सी की रोटी
मिट्टी की कुल्हिया में हरे धनिए की चटनी
असली घी में बघरी माश की दाल की ख़ुशबू
भरे हुए आलू के पराठे
मिर्चों वाले दही-पकौड़े
बावर्ची-ख़ाने में सजी बर्तन की क़तारें
रस्सी पर फैलाए हुए कुछ उजले कपड़े
माँ
तेरे हाथों के सारे
हुनर मिरे हाथों में उतरे
तेरा सलीक़ा
तेरा सुघड़-पन
तेरी वो फूलों सी हँसी और ममता का मध-माता साया
माँ
मैं ने तो
जब से होश सँभाला तुझे ख़ुद अपने अंदर पाया
तुझे ही अपने अंदर ले कर
आँखों में कुछ ख़्वाब सजाए
इक दिन मैं उस अनजानी दहलीज़ पे उतरी
आँगन में फिर
झाँझर वाला पाँव धरा नथ पहनी दर्पन देखा
और ख़ुश हो हो कर ये सोचा
मैं तो तुझे अपने अंदर ले कर आई हूँ
लेकिन ये मालूम नहीं था
मैं ने इस आँगन में अभी जिस को देखा था
मैं ने इस कमरे में अभी जिस को पाया था
तू वो नहीं थी
तेरे सिवा माँ साथ मिरे कोई और आया था
हाँ माँ वो तो बाबुल जैसा इक साया था
जिस के घर आते ही अक्सर
तू सोचों में खो जाती थी
कुछ गुम-सुम सी हो जाती थी
या बिस्तर में सो जाती थी
माँ तेरी वो सोच तो अब मेरा हिस्सा है
हम दोनों का एक ही जैसा तो क़िस्सा है








