साल-ए-नौ - नज़्म

क़मर जहाँ नसीरक़मर जहाँ नसीर

1 min read · 12.4K reads

आओ हम जश्न मनाएँ कि ये धरती अपनी

ये जहाँ-दीदा मु'अम्मर धरती

इस की ज़ुल्फ़ों की सियाही में बढ़ा

एक और तार-ए-सफ़ेद

झुर्रियाँ चेहरे की हैरानी निगाहों में समोए देखें

तेज़-रौ क़दमों से बढ़ती हुई इक और शिकन

जैसे बिछड़ी हो किसी मेले में

दिल की शिरयानों में सुर्ख़ी की जगह ज़र्दी है

रौशनी-रंग के तूफ़ान में फ़ुर्सत किस को

कोई पूछे उस से

दिल की रफ़्तार हुई जाती है धीमी क्यूँकर

उस के सीने में हैं मदफ़ून दुखों के अम्बार

अपनी ही कोख से जन्मे इन ज़मीं-ज़ादों के

क़हक़हे खोखले सुन सुन के फटा जाता है दिल धरती का

और वो सोचती है

खो गए क्यों वो शब-ओ-रोज़ मिरे

मेरी बाहों में हुमकते थे वो तिफ़्ल-ए-मासूम

जिन के होंटों पे तबस्सुम के तिलाई सिक्के

और आँखों में थीं ख़्वाबों की रुपहली किरनें

दिल के गोशों में उमंगों की धनक फैली थी

और अब हाल ये है

उन के होंटों पे खनकते हुए सिक्के जा’ली

ख़ुशबुएँ तेज़ मगर रंग झूटे

रात के पिछले पहर चीख़ते हैं

रूह से 'आरी हैं पिंजर उन के

ख़ौफ़ अनहोनी का बेचैन किए रहता है

बद-नज़र कोई लगी खा गई ख़ुशियाँ उन की

मेरे ख़ालिक़ मिरी तकवीन के माहिर फ़नकार

इस नए साल में वापस कर दे

उन की आँखों की चमक हीरे सी

उन के होंटों की हँसी मोती सी

क़मर जहाँ नसीर
About the poet

क़मर जहाँ नसीर

जन्म : इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी