प्राणाग्नि - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

अशोक वृक्ष-सा
आवक्ष लेता है प्रणय
साँसें लिखती हैं अछोर गुप्त-लिपि
मन की जड़ों तक
तितिक्षा से मिलने के लिए।

मेरे-तुम्हारे
प्रणय की साक्षी है प्राणाग्नि
अधरों ने पलाश-पुष्प होकर
अभिषेक किया है प्रणय-भाल
मन-मृग की कस्तूरी सुगंधित है जहाँ
साँसों ने पढ़े हैं अभिमंत्रित सिद्ध मंत्र

एक दूसरे के देह-कलश के
अमृत-जल ने
पवित्र की है देह
मौन स्पर्श ने
लिखे हैं अघोषित शब्द

देह के हवन कुंड में
पवित्र-संकल्प के साथ
समर्पित हुई है प्राणों की चिरायु शक्ति
अधरों ने अधरों पर लिखा है
प्रणय का प्रथम संविधान
प्रेम का नव्य संयुक्तानुशासन
एकत्व और एकात्मकता के लिए।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like