मधुबन के लिए - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

बच्चे
अपने खिलौनों में
छोड़ जाते हैं अपना खेलना
निश्छल शैशव
कि खिलौने
जीवंत और जानदार
लगते हैं बच्चों की तरह।

बच्चों के
अर्थहीन बोलों में होता है
जीवन का अर्थ
ध्वनि-शोर में रचते हैं
जीवन का भाष्य
जिसे रचती है आत्मा।

बच्चों की
गतिहीन गति में होती है
सब कुछ छू लेने की आतुरता
उनके तलवों से
धरती पर छूट जाती है
उनके आवेग की गति
कि उनके सामने न होने पर भी
ये चलते हुए लिपट जाते हैं
यहाँ-वहाँ से।

बच्चों के पास
होती है अपनी एक विशेष ऋतु
जिसमें वे खिलते हैं, खेलते हैं
और फलते हैं
हम सबके मधुबन के लिए।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like