एक दूसरे में - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

3 min read · 12.4K reads

चिड़िया की देह का
हिस्सा होकर भी
कुछ पंख
चिड़िया की उड़ान में
शामिल नहीं हैं।

पर्वत होने पर भी
शिखर बनने से
रह जाते हैं
पहाड़ के कुछ हिस्से।

हवाएँ
लिखती हैं उन पर
चढ़ाई की वेदना।

नदियाँ
अपनी तरल धार के प्रवाह में
हथिया कर बहा लाती हैं उन्हें।

नदी में
घुल जाते हैं शिखर
शिखर के रंग को रँग कर
नदी कभी हो जाती है शिखर
शिखर हो जाता है नदी
रेतीला, रुपहला और कभी
गेरुई और मटियाला।

दोनों की देह विसर्जित
एक दूसरे में
एक दूसरे के लिए।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like